पटना : 24 इंडिया कप स्पोर्ट्स द्वारा राजधानी के ऊर्जा स्टेडियम में आयोजित नेशनल टेनिस बॉल क्रिकेट लीग इंडिया कप सीजन–4 का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। फाइनल मैच वेस्ट बंगाल और राजस्थान - हरियाणा की टीम के बीच खेला गया, जिसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए वेस्ट बंगाल की टीम ने जीत दर्ज कर इंडिया कप का खिताब अपने नाम किया। मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
राजस्थान - हरियाणा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 ओवर में 108 रन बनाए जिसका पीछा करते हुए वेस्ट बंगाल की टीम ने संयमित बल्लेबाजी और बेहतरीन टीमवर्क का परिचय दिया। अंत तक चले इस रोमांचक मुकाबले में वेस्ट बंगाल की टीम ने जीत हासिल कर दर्शकों का दिल जीत लिया। विदित हो कि चार सीजन में वेस्ट बंगाल ने पहली बार विजेता की ट्रॉफी अपने नाम की है। फाइनल मैच के दौरान स्टेडियम में क्रिकेट प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे मैच के दौरान दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। खिलाड़ियों की शानदार बल्लेबाजी, सटीक गेंदबाजी और जबरदस्त फील्डिंग ने मुकाबले को और भी रोमांचक बना दिया। मैन ऑफ द मैच पिकू पॉल रहे जबकि मैन ऑफ द सीरीज प्रवीण रैथल रहे।
टूर्नामेंट के समापन समारोह में आयोजक विजय अग्रवाल और संतोष नानेकर द्वारा विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कई खेल प्रेमी और गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि इस टूर्नामेंट का उद्देश्य देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को एक मंच प्रदान करना और टेनिस बॉल क्रिकेट को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी इस तरह के खेल आयोजनों के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया जाएगा।



0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.