माननीय मंत्री, कृषि विभाग, बिहार द्वारा बिहार नर्सरी एवं ग्रीन-टेक कॉन्क्लेव, 2026 का किया गया उद्घाटन





  • माननीय मंत्री, कृषि विभाग, बिहार द्वारा बिहार नर्सरी एवं ग्रीन-टेक कॉन्क्लेव, 2026 का किया गया उद्घाटन
  • नर्सरी सिर्फ पौधा नहीं कमाई का बड़ा माध्यम है
  • इस कॉन्क्लेव का मकसद है युवा साथियों के लिए कम लागत में बड़ा स्टार्टअप
  • किसान मजबूत होगा तो बिहार मजबूत होगा और तभी भारत मजबूत होगा- राम कृपाल यादव

पटना। माननीय मंत्री, कृषि विभाग, बिहार द्वारा आज ज्ञान भवन, पटना में तीन दिनों तक चलने वाले बिहार नर्सरी एवं ग्रीन-टेक कॉन्क्लेव, 2026 का उद्घाटन किया गया। यह कॉन्क्लेव 23 मार्च, 2026 तक चलेगा। उद्घाटन कार्यक्रम के अवसर पर बिहार विधानसभा के माननीय अध्यक्ष श्री प्रेम कुमार भी मौजूद थे।




माननीय कृषि मंत्री ने अपने सम्बोधन में कहा कि यह नर्सरी और ग्रीन टेक्नोलॉजी कॉन्क्लेव बिहार की खेती में एक नया इतिहास लिखने जा रहा है। पहले खेती परंपरा से चलती थी, अब तकनीक से चलेगी, यही हमारा संकल्प है। अब खेत में भी टेक्नोलॉजी उतर चुकी है जैसे मोबाइल से सलाह, सेंसर से निगरानी एवं मशीन से निर्णय। उन्होंने कहा कि अब नर्सरी सिर्फ पौधा नहीं बल्कि कमाई का बड़ा माध्यम है, गांव में रोजगार का बड़ा जरिया है एवं आज पौधा हर जगह लग रहा है। घर, ऑफिस, होटल, सड़क- हर जगह हरियाली की मांग बढ़ी है। 




माननीय मंत्री ने कहा कि एक नया मौका आया है- मेडिका फूड्स के रूप में जो पौधों से दवा जैसा खाना यानि जो आप खायेंगे व आपके दवा के रूप में काम करेगा। इसका मतलब है सेहत भी, कमाई भी। उन्होंने कहा कि इस कॉन्क्लेव का मकसद साफ है, किसान, वैज्ञानिक और उद्योग मिलकर खेती को मजबूत करेंगे। हमारे युवा साथियों को कम लागत में बड़ा स्टार्टअप लगाने में मदद मिलेगी। नर्सरी, पैकेजिंग, ट्रांसपोर्ट, मार्केटिंग-हर जगह मौका-ही-मौका है। आप आगे बढ़िये, सरकार हर कदम पर आपके साथ है। 




उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी का संकल्प है कि बिहार का एक उत्पाद हर भारतीय तक पहुंचे और हमलोग इसमें कामयाब भी हुए हैं। अब हमारा सपना है कि बिहार का उत्पाद दुनिया के हर कोने तक पहुंचे। माननीय यशस्वी प्रधानमंत्री जी की सोच साफ है- 2047 तक भारत को विकसित बनाना।  




माननीय कृषि मंत्री ने कहा कि किसान मजबूत होगा तो बिहार मजबूत होगा और बिहार मजबूत होगा तभी भारत मजबूत और विकसित होगा। हम चाहते हैं कि हर किसान तक नई तकनीक पहुंचे, हर खेत से ज्यादा कमाई हो, कोई भी खेत खाली नहीं रहे। मैं अपने किसान भाईयों से कहना चाहता हूँ कि अब समय बदल गया है, जो तकनीक अपनाएगा, वही आगे बढ़ेगा। आइए मिलकर संकल्प लें। हर खेत हरा-भरा होगा, हर किसान समृद्ध होगा। 




उद्घाटन कार्यक्रम के अवसर पर कृषि विभाग के प्रधान सचिव श्री नर्मदेश्वर लाल ने कहा कि बिहार की धरती पर पहली बार इस तरह का ऐतिहासिक आयोजन हो रहा है। यह इस बात का प्रतीक है कि राज्य तरक्की कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस कन्क्लेव में राज्य के दूसरे हिस्से से भी नर्सरी से जुड़े हुए किसान एवं व्यवासायी आये हुए हैं, जो हमारे लिए खुशी की बात है। 




इस अवसर पर किसान आयोग के माननीय अध्यक्ष श्री रूप नारायण मेहता, बिहार संग्रहालय के महानिदेशक श्री अंजनी कुमार सिंह, कृषि विभाग के विशेष सचिव द्वय श्री वीरेन्द्र प्रसाद यादव एवं श्री शैलेंद्र कुमार, निदेशक उद्यान श्री अभिषेक कुमार सहित कृषि वैज्ञानिक, बिहार के नर्सरी से जुड़े किसान एवं व्यवसायी उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ