Header Ads Widget

बिहार भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल पहुंचे भागलपुर, कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनाव में जीत का दिया मंत्र




  • कार्यकर्ता का समर्पण, मेहनत और जनता के प्रति जुड़ाव ही हमारी सबसे बड़ी ताकत: डॉ. दिलीप जायसवाल
  • जनता का विश्वास, कार्यकर्ताओं का परिश्रम, बिहार के विकास का नया अध्याय लिखेगा: डॉ. दिलीप जायसवाल

पटना, 28 अक्टूबर। बिहार भाजपा के अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल आज भागलपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और विधानसभा चुनाव में एनडीए प्रत्याशियों की जीत को लेकर रणनीति तैयार की। इस दौरान उन्होंने जीत के लिए संकल्प लेकर आगे बढ़ने का मंत्र दिया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जायसवाल भागलपुर सदर विधानसभा के प्रधान कार्यालय में भागलपुर विधानसभा प्रत्याशी रोहित पांडेय के साथ जिले के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर विस्तृत चर्चा हुई और क्षेत्र की रणनीति, संगठनात्मक मजबूती तथा जनसंपर्क अभियान पर विचार-विमर्श किया।  




इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि हर कार्यकर्ता का समर्पण, मेहनत और जनता के प्रति जुड़ाव ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की यह ऊर्जा और एकजुटता एनडीए को एक बार फिर ऐतिहासिक जीत की ओर ले जाएगी। 

उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास, कार्यकर्ताओं का परिश्रम बिहार के विकास का नया अध्याय लिखेगा।  

इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के उत्साह और जनता के अपार समर्थन के बल पर भाजपा प्रदेश में विकास, सुशासन और विश्वास की नीति को और सशक्त बनाएगी, यही हमारा संकल्प है।  

इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जायसवाल नवगछिया जिला भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में बिहपुर विधायक शैलेंद्र कुमार के साथ जिले के प्रमुख कार्यकर्ताओं की आयोजित बैठक में सम्मिलित हुए। इस दौरान आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों, बूथ स्तरीय मजबूती एवं जनसंपर्क अभियानों पर विस्तृत चर्चा हुई।  

इस दौरे के क्रम में पूर्णिया जिले के बायसी विधानसभा क्षेत्र में भी भाजपा अध्यक्ष डॉ. जायसवाल पहुंचे और यहां एनडीए प्रत्याशी विनोद यादव के साथ कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। यहां उन्होंने विधानसभा चुनाव को लेकर विस्तृत चर्चा की और जीत का संकल्प दोहराया। 

इस अवसर पर मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए उन्होंने आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक रणनीतियों को साझा किया। उन्होंने कहा कि संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं का उत्साह ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। इसी जनसमर्थन और ऊर्जा के बल पर एनडीए एक बार फिर जनआशीर्वाद प्राप्त करेगा और सरकार बनेगी।  

उन्होंने कहा कि एनडीए के लक्ष्य बिहार को विकसित बनाना है और जनता एनडीए के इस लक्ष्य के साथ है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ