Header Ads Widget

कटिहार में कार्यकर्ताओं का उमड़ा जनसैलाब, एनडीए घटक दलों के अध्यक्षों ने बताया एकजुटता की ताकत



  • कार्यकर्ताओं का जोश और जुनून एनडीए की शक्ति का आधार: डॉ. दिलीप जायसवाल.                                           
  • एनडीए तोड़ने नहीं जोड़ने की बात करती है, तोड़ने की बात करने वालों से जनता भी टूट रही: डॉ. दिलीप जायसवाल.         
  • भाजपा अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने दिया भरोसा, बिहार में विकास दिखा है, विकसित भी बनाएंगे.                             
  • विपक्ष में दलों की दीवारें लंबी और मोटी होती जा रही हैं: डॉ. दिलीप जायसवाल.   
  • बिहार में सुशासन की जनता को मिलता रहा है समर्थन: उमेश सिंह कुशवाहा.        
  • बिहार आत्मनिर्भर बनने की ओर अग्रसर: राजू तिवारी.                              
  • एनडीए कार्यकर्ताओं का जोश सातवें आसमान पर, विधानसभा चुनाव में दिखेगी ताकत: अनिल सिंह.                   
  • राजद काल ने बिहार को बहुत पीछे धकेल दिया था: मदन चौधरी

पटना, 23 मार्च। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के कार्यकर्ता सम्मेलन का कारवां अन्य जिलों से होता हुआ आज कटिहार पहुंचा। इस कार्यकर्ता सम्मेलन की शुरुआत में एनडीए कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह दिखा और एनडीए के पांचों घटक दलों के प्रदेश अध्यक्षों ने इन उत्साहित कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए एकजुटता की ताकत का एहसास कराया।

एनडीए घटक दलों के सभी प्रदेश अध्यक्षों ने कटिहार के एलडब्लूसी मैदान में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेते हुए कार्यकर्ताओं को प्रदेश में 225 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज कराने का संकल्प दिलाया।




भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस मैदान में उमड़ा कार्यकर्ताओं का जनसैलाब ही एनडीए की ताकत है। आज कार्यकर्ताओं का जज़्बा और जुनून यह साबित करने के लिए काफी है कि प्रदेश की जनता कभी इस प्रदेश में अब जंगलराज नहीं आने देगी।

उन्होंने कहा कि इन सम्मेलनों से न केवल कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ता है बल्कि हमलोगों में भी उत्साहित कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद नई ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने साफ कहा कि आज एनडीए घटक दलों के बीच की दीवारें जहां समाप्त हो गई हैं वहीं विपक्षी दलों के गठबंधन में दलों के बीच दीवारें ऊंची और मोटी हो गई हैं। विपक्षी गठबंधन में शामिल सभी दल अपनी डफली अपना राग अलाप रहे हैं।

इस एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल के अलावा जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, लोजपा (आर) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह, रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने संयुक्त रूप से भाग लिया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि एनडीए तोड़ने नहीं जोड़ने की बात करती है, जबकि हमारे विरोधी क्षेत्र, भाषा, के नाम पर तोड़ने की बात कर रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ये जो तोड़ने की बात करते हैं उनसे न केवल उनके कार्यकर्ता टूट रहे हैं बल्कि जनता भी उनसे टूटकर अलग हो गई है।

उन्होंने कहा कि बिहार में ऐसा कोई पंचायत नहीं है जहां आज विकास के कार्य नहीं हो रहे हैं। बिहार में सभी क्षेत्रों में काम हो रहे हैं। उन्होंने लोगों को भरोसा देते हुए कहा कि एनडीए सरकार ने बिहार में विकास कर दिखाया है और इस बिहार को विकसित बनाने को लेकर भी हम संकल्पित हैं।

जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जिस तरह कार्यकर्ताओं का यहां जन सैलाब उमड़ा है, वह चुनाव के पहले ही एनडीए की जीत पर मुहर है। उन्होंने कहा कि इसे विपक्ष को भी समझ लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पिछले दो दशकों से बिहार में सुशासन को जनता का समर्थन मिलता रहा है और यही कारण है कि बिहार विकास के पथ पर अग्रसर है। आज जहां महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने को लेकर काम किए जा रहे हैं तो आधारभूत संरचनाओं को लेकर प्रदेश नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है। यही तो सुशासन है। महिलाओं का सशक्तिकरण हो रहा है, वहीं युवाओं को रोजगार देने की योजना सफल हो रही है।

इधर, लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा कि बिहार अब आत्मनिर्भर बनने की ओर आगे बढ़ रहा है। आज यहां के उत्पादों की पहचान देश ही नहीं दुनिया तक पहुंच रही है। मखाना की पहचान अब देश की सीमा को लांघकर दुनिया तक हो चुकी है। केंद्रीय बजट में बिहार को कई सौगातें मिली हैं।

हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि कटिहार के इस मैदान में उमड़ा कार्यकर्ताओं का जनसैलाब में उमड़ा जोश सातवें आसमान पर है। इस जोश को देखकर विपक्ष को भी आने वाले चुनाव के परिणाम का आभास हो चुका होगा। उन्होंने लोगों से यह जोश विधानसभा चुनाव तक बनाए रखने की अपील की।

रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने कहा कि राजद काल के शासनकाल को बिहार की जनता कभी नहीं भूल सकती है। उन्होंने उस दौर को याद करते हुए कहा कि वह 15 साल बिहार के लिए काला अध्याय है। उस काल ने बिहार को कई साल पीछे धकेल दिया।