- राजद के राजेश कुमार भटकू सहित सैकड़ों लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की
- शिक्षक दिवस के मौके पर सेवानिवृत्त शिक्षक संघ के नेता सरोज कुमार सहित कई शिक्षकों ने ली भाजपा की सदस्यता
- भाजपा किसी परिवार की पार्टी नहीं : डॉ. दिलीप जायसवाल
पटना, 5 सितंबर। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक समारोह में आज पटना साहिब के पूर्व राजद प्रत्याशी राजेश कुमार भटकू सहित सैकड़ों राजद के लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। शिक्षक दिवस के मौके पर सेवानिवृत्त शिक्षक संघ के नेता सरोज कुमार सहित कई शिक्षकों ने भी भाजपा की सदस्यता ली है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह प्रदेश के राजस्व और भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने इन सभी को भाजपा की सदस्यता दिलाई और पार्टी में स्वागत किया।
डॉ. जायसवाल ने पार्टी में आए सभी लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा किसी परिवार की पार्टी नहीं बल्कि एक विचारधारा की पार्टी है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि आज भाजपा का सदस्यता अभियान चल रहा है और इसकी नीतियों को लोग पसंद कर भाजपा के साथ जुड़ रहे हैं।
राजद से आए लोगों का स्वागत करते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि आपके आने से भाजपा और मजबूत होगी। भाजपा की सदस्यता लेने वालों में पटना साहिब विधानसभा से राजद के पूर्व प्रत्याशी राजेश कुमार भटकू, बच्चन प्रसाद मेहता, धीरेंद्र कुमार , संजय रामय, राज राय, विनोद कुमार, राजेश कुमार, रंजीत कुमार सोनी, बबलू साह, अजय यादव , वीरेंद्र यादव, अशोक यादव, विनोद पासवान प्रमुख हैं।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने शिक्षक दिवस के मौके पर शिक्षकों के द्वारा भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि शिक्षक शुरू से मार्गदर्शक रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रव्यापी सदस्यता अभियान के तहत समाज के हर वर्ग को हम भाजपा परिवार से जोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी हैं ।
इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ,प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अमीत प्रकाश बबलु ,सह कोषाध्यक्ष आशुतोष शंकर ,प्रशिक्षण प्रभारी मृत्युंजय झा ,सतपाल नरोतम, विनोद शर्मा, टी एन सिंह उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.