फ़ाइल फ़ोटो
न्यूज़ डेस्क। सुप्रीम कोर्ट की पहली महिला न्यायाधीश फातिमा बीबी का आज 23 नवम्बर 2023 गुरुवार को निधन हो गया। उन्होंने 96 साल की उम्र में अपनी आखिरी सांस ली। उनका पूरा नाम मीरा साहिब फातिमा बीबी है। शुक्रवार बाद नमाज़ पत्तनममिट्ठा मस्जिद में इनकी जनाज़े की नमाज़ अदा की जाएगी।
फातिमा बीबी एक ऐसा नाम है जो भारतीय न्यायपालिका के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में अंकित रहेगा। फातिमा बीबी भारत के सुप्रीम कोर्ट की पहली महिला जज थीं। सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि समूचे एशिया की उच्च न्यायपालिका में फातिमा बीबी पहली महिला जज थीं। फातिमा बीबी उच्च न्यायपालिका में पहली मुस्लिम महिला जज थीं।
ज्ञातव्य है कि फातिमा बीबी के नाम से ख्यात पूर्व न्यायाधीश तमिलनाडु की राज्यपाल भी रह चुकी थीं। वे साल 1989 में शीर्ष अदालत की पहली महिला न्यायाधीश के रूप पर नियुक्त की गई थीं। उन्हें 3 अक्टूबर 1993 को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की सदस्य बनाया गया।
इनका जन्म 30 अप्रैल 1927 को केरल राज्य के ट्रावनकोर के पत्तनममिट्ठा गांव में जन्म हुआ था। इनके पिता का नाम मीरा साहिब था, उन्होंने फातिमा को कानून की पढाई के लिए तिरुवनंतपुरम के गवर्नमेंट लॉ कॉलेज में दाखिला कराया था।
उन्होंने साल 1950 में बार काउंसिल परीक्षा में गोल्ड मेडल के साथ टॉप किया। बार काउंसिल गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाली पहली महिला फातिमा बीबी थीं। उन्होंने केरल में एक अधिवक्ता के रूप में अपना करियर शुरू किया और 1974 में जिला और सत्र न्यायाधीश बनने तक काम किया।