Header Ads Widget

सदर अस्पताल में प्रसव सेवाओं का सुदृढ़ीकरण सुनिश्चित करायें अधिकारी सिविल सर्जन



  • सदर अस्पताल में प्रसव सेवाओं का सुदृढ़ीकरण सुनिश्चित करायें अधिकारी : सिविल सर्जन
  • प्रसव वार्ड में कर्मियों के प्रतिनियुक्ति संबंधी रोस्टर का शतप्रतिशत अनुपालन, ड्रेस में रहें कर्मी
  • निर्धारित मानकों के अनुरूप लाभुकों को उपलब्ध करायी जाये प्रसव संबंधी सेवाओं का लाभ

अररिया, 04 अगस्त । 

SON OF SIMANCHAL GYAN MISHRA

जिले में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिये विभाग द्वारा हर स्तर पर जरूरी पहल की जा रही है। इसी कड़ी में सदर अस्पताल में प्रसव संबंधी सेवाओं के सुदृढ़ीकरण व गुणावत्तापूर्ण सेवाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सिविल सर्जन डॉ विधानचंद्र सिंह ने शुक्रवार को संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें प्रसव संबंधी विभिन्न मामलों की गहन समीक्षा की गयी। डीपीएम स्वास्थ्य संतोष कुमार, पिरामल के कंस्लटेंट रोहित कुमार, अस्पताल के प्रभारी अधीक्षक डॉ राजेंद्र कुमार, प्रसव वार्ड के नोडल अधिकारी डॉ स्नेहा किरण, ओटी के नोडल पदाधिकारी डॉ जीतेंद्र प्रसाद, महिला चिकित्सक डॉ सपना, डॉ नौसबा परवीन, डॉ संजय कुमार, डॉ अपूर्व कुमार चौधरी, लेबर रूम की इंचार्ज नेहा कौशल, अस्पताल प्रबंधक विकास आनंद सहित अन्य मौजूद थे।      

निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रसव सेवा करायें उपलब्ध- 

प्रसव संबंधी सेवाओं की समीक्षा के क्रम में सिविल सर्जन डॉ विधानचंद्र सिंह ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण सेवाओं का लाभ हर एक लाभुक तक पहुंचाना विभाग की प्राथमिकताओं में शुमार है। उन्होंने अस्पताल में प्रसव की संख्या बढ़ाने को लेकर अधिकारियों को जरूरी पहल करने का निर्देश दिया। हर महीने कम से कम 90 प्रसव मामलों के निष्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया। 



सिविल सर्जन ने कहा कि हर हाल में जरूरतमंद मरीजों को सुविधाजनक रूप से सीजेरियन सुविधा का लाभ उपलब्ध कराया जाये। उन्होंने निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रसव सेवाओं के निष्पादन व दस्तावेजीकरण संबंधी कार्यों को पूरा करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। सिविल सर्जन ने प्रसव वार्ड में 24 घंटें विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के साथ ड्यूटी के समय सभी कर्मियों को निर्धारित ड्रेस कोड का अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। सिविल सर्जन ने अस्पताल में जन्म लेने वाले सभी नवजात की समुचित जांच करते हुए टीका के निर्धारित डोज से आच्छादित करने का निर्देश सिविल सर्जन ने दिया। 

निर्धारित मानकों के अनुरूप सेवा उपलब्ध कराना लक्ष्य -

डीपीएम स्वास्थ्य संतोष कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी को लेकर चिकित्सा संस्थानों का नियमित निरीक्षण व अनुश्रवण किया जा रहा है। ताकि उपलब्ध सेवाओं का प्रभावी क्रियान्वन सुनिश्चित कराया जा सके। उन्होंने कहा कि निर्धारित मानकों के अनुरूप लोगों को चिकित्सकीय सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में विभाग जरूरी पहल कर रहा है। 



इसी कड़ी में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देकर जिले में मातृ-शिशु मृत्यु दर के मामलों को नियंत्रित करने की कोशिशें की जा रही हैं। सुदूरवर्ती इलाकों में गुणवत्तापूर्ण प्रसव सेवाओं की उपलब्धता व समुचित रूप से इसका संचालन सुनिश्चित कराने का प्रयास किया जा रहा है। 

प्राप्त दिशा निर्देश का होगा शत प्रतिशत अनुपालन-  

अस्पताल प्रबंधक विकास आनंद ने बताया कि प्रसव मामलों की समीक्षा के क्रम में सिविल सर्जन द्वारा प्राप्त दिशा निर्देश का शतप्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जायेगा। फिलहाल हर महीने अस्प्ताल में प्रसव संबंधी 40 मामलों का निष्पादन किया जा रहा है। निर्धारित लक्ष्य के मुताबिक इसे 90 तक किया जाना है। प्रसव सेवाओं की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप सेवाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित कराया जायेगा।