Header Ads Widget

12 दिसम्बर को 13 वर्षों से लंबित स्टेडियम का हाल सुनाने विष्णुदेव भंडारी जाएंगे मुख्यमंत्री जनता दरबार



मधुबनी / लदनियां से हरिश्चन्द्र यादव की रिपोर्ट

लदनियां प्रखंड के खाजेडीह हाई स्कूल के मैदान में 13 वर्षों के बाद भी स्टेडियम का निर्माण लंबित है। निर्माणाधीन इस स्टेडियम का शिलान्यास 2 मार्च 2010 को तत्कालीन विधायक कपिलदेव कामत ने समारोहपूर्वक किया था। शिलान्यास के बाद 29 . 38 लाख की प्राक्कलित राशि से निर्माण की शुरुआत की गई, जिसमें स्टेडियम की चहारदीवारी भी नहीं बन सकी। संवेदक निर्माण छोड़कर चला गया। पुनः तीन वर्षों के बाद लोजपा नेता विष्णुदेव भंडारी की पहल पर संबंधित विभाग से 20 . 76 लाख की राशि आवंटित की गई। कार्यकारी एजेंसी स्थानीय क्षेत्र विकास अभियंत्रण संगठन मधुबनी - 1 की देखरेख में संवेदक ने मात्र एक तरफ गैलरी व दो कमरे का निर्माण प्रारंभ किया, जिसे पूरा नहीं किया जा सका। 

श्री भंडारी ने मामले में लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम की शरण ली। फैसले में दिए गए आदेश का अनुपालन एक साल बाद भी नहीं किया जा सका है। मुख्यमंत्री के जनता दरवार में फरियाद सुनाने के लिए श्री भंडारी ने इसी वर्ष 11 फरवरी को ऑनलाइन आवेदन किया था। उन्हें स्टेडियम से संबंधित शिकायती फरियाद सुनाने के लिए 12 दिसंबर को मुख्यमंत्री जनतादरवार में पटना बुलाया गया है।

विदित हो कि स्कूल की पांच एकड़ जमीन स्टेडियम के नाम पर वर्षों से फंसी पड़ी है। अपूर्ण दीवारें भी टूटती चली जा रही है। इस बाबत खेल प्रेमी युवकों में आक्रोश व्याप्त है। आक्रोशितों ने कहा कि युवकों की रूचि खेल में बढ़ी है। यहां के युवक स्टेडियम की जरूरत महसूसने लगे हैं। बच्चे खेत व खलिहानों में क्रिकेट समेत अन्य खेल को खेलने के लिए विवश हैं। अभी तक प्रखंड में एक भी स्टेडियम का निर्माण नहीं हो सका है, जबकि कई हाई स्कूलों को स्टेडियम निर्माण के लिए राशि उपलब्ध कराई गई जा चुकी है।