मधुबनी से आशिष झा / लदनियां से हरिश्चन्द्र यादव की रिपोर्ट
प्रखंड के न्यू अपग्रेड हाई स्कूल सिधप परसाही में पढ़ने वाले विवेक कुमार ठाकुर ने बोर्ड की मैट्रिक परीक्षा में दूसरा स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। उसकी इस सफलता से न सिर्फ उनके मातापिता, परिजन व समाज बल्कि उनके गुरुजन व स्कूल परिवार गौरवान्वित है। परीक्षा फल प्रकाशित होते ही उसके वनटोल स्थित घर पर बधाई देने के लिए लोगों की भीड़ लगनी शुरू हो गई। लोग उसके परिश्रम और परिवार के त्याग की सराहना करते दिखे। लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। विवेक कुमार ठाकुर ने 486 अंक लाकर बिहार में दूसरा तथा मधुबनी जिले में पहला स्थान प्राप्त किया है। उसने अपनी सफलता का श्रेय सतत स्वाध्याय, गुरुजन के आशीर्वाद, परिजनों के सहयोग व मां शारदे कोचिंग सेन्टर के शिक्षक प्रमोद कुमार सिंह, अशोक कुमार पूर्वे व ब्रह्मदेव सिंह को दिया है। उनकी इच्छा आगे की पढ़ाई जारी रखते हुए आईएएस बनने की है। वह अपने मातापिता की चौथी संतान है। बड़ा भाई मजदूर पिता का सहयोगी बन बाहर ही रहता है। दो बहन भी इससे बड़ी है, जो मां के साथ छोटी गृहस्थी संभालती है।