Header Ads Widget

विशेष टीकाकरण अभियान : लगभग 30 हजार लोगों का हुआ टीकारण



  • महामारी से जारी लड़ाई में मिल का पत्थर साबित होगा 10 करोड़ लोगों के टीकाकरण की उपलब्धि
  • राज्यव्यापी टीकाकरण अभियान की सफलता में जिलावासियों का होगा महत्वपूर्ण सहयोग 

अररिया, 24 दिसंबर सन आफ सीमांचल ज्ञान मिश्रा।

जिले में संचालित टीकाकरण अभियान अपने निर्धारित लक्ष्य के करीब पहुंचता जा रहा है। जिले की बड़ी आबादी टीका की पहली डोज ले चुकी है। वहीं निर्धारित समय के बावजूद टीका के दूसरे डोज से वंचितों के टीकाकरण का प्रयास भी युद्धस्तर पर जारी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को जिले में संचालित विशेष टीकाकरण अभियान की उपलब्धि को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इधर जल्द ही बिहार 10 करोड़ लोगों के टीकाकरण का आंकड़ा प्राप्त करने वाले राज्यों की सूची में शामिल होने वाला है। 



राज्य में अब तक साढ़े नौ करोड़ से अधिक लोगों का टीकाकरण हो चुका है। इसमें जिलावासियों के सहयोग व समर्थन को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जिले में अब तक निर्धारित लक्ष्य की तुलना में 76 फीसदी लोगों को टीका का पहला व दूसरे डोज के योग्य 81 फीसदी लोगों को टीका की दूसरी डोज भी लगायी जा चुकी है। 

विशेष अभियान के तहत 30 हजार लोगों का हुआ टीकाकरण :

जिला स्वास्थ्य समिति से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक शुक्रवार को जिले में संचालित विशेष अभियान के तहत लगभग 30 हजार लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। इसमें 4, 153 लोगों को टीका का पहला व 25, 692 लोगों को टीका की दूसरी डोज लगाने में सफलता हासिल हुई। अभियान के तहत सबसे अधिक टीकाकरण नरपतगंज प्रखंड में दर्ज किया गया। जहां कुल 6, 432 लोगों को टीका लगाया गया. वहीं अररिया में 5, 020, फारबिसगंज में 4, 905 लोगों को टीका लगाया गया। 

टीकाकरण को लेकर निराधार साबित हुआ लोगों का संदेह : 

विशेष अभियान के तहत टीका का आखिरी डोज लेते हुए जोकीहाट के तारण वार्ड संख्या 13 की 72 वर्षीय बुजुर्ग नुसरत बिना किसी झिझक के टीकाकरण के लिये आगे आयीं। पूछने पर उन्होंने बताया कि पहला डोज लेने से पहले तो मन में काफी डर था। लोग टीकाकरण को लेकर तरह-तरह की बातें करते थे। टीका लेने के बाद लोगों की मौत की बात भी कही गयी। 



लेकिन जब एक बार गांव आये कुछ नर्सों ने उन्हें समझाया तो वे टीका लेने के लिये राजी हो गयी। उन्होंने बताया कि गांव में अधिकतर लोग टीका ले चुके हैं। किसी को कुछ नहीं हुआ तो भला उन्हें कुछ क्यों होगा।  

मिल का पत्थर साबित होगा 10 करोड़ लोगों के टीकाकरण की उपलब्धि :

सिविल सर्जन डॉ एमपी गुप्ता ने राज्यव्यापी अभियान में बहुत जल्द 10 करोड़ लोगों के टीकाकरण से जुड़ी उपलब्धि प्राप्त होने का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण उपलब्धि में जिलावासियों का सहयोग व समर्थन महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य कर्मियों के अथक प्रयास व संबंधित अन्य विभागों से मिले सहयोग के दम पर जिले में अब तक निर्धारित लक्ष्य 18.86 लाख की तुलना में 14.39 लाख लोगों को टीका का पहला व 8.25 लाख लोगों को दूसरे डोज का टीका लगाया जा चुका है। जो राज्य में 10 करोड़ टीकाकरण की उपलब्धि में महत्वपूर्ण घटक साबित होगा।