सासाराम | जिला संवाददाता
रोहतास जिले के नासरीगंज प्रखंड के धनावं पंचायत में आगामी बुधवार यानी तीन नवंबर को होने वाले चुनाव को लेकर माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। जिसके चलते मतदाता भी भयभीत हैं। लोगों ने मतदान वाले दिन पंचायत के विभिन्न गांवों के सभी चौदह बूथों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराए जाने की मांग की है। ताकि महिलाएं और कमजोर वर्ग के लोग भी निर्भीक होकर मतदान कर सकें। पचासों मतदाताओं ने नाम नहीं बताने की शर्त पर शिकायत की है कि दबंगों द्वारा चुनाव में गड़बड़ी पैदा करने की साजिश की जा रही है। चुनाव पूर्व कई बार विभिन्न गुटों के बीच हिंसक झड़प हो चुकी है। और यह सबकुछ मतदाताओं को डराने के लिए ही किया गया था।
लोगों ने बताया कि घटनाओं की सूचना प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारियों को है। गौरतलब है कि कई पूर्व मुखिया इस बार चुनावी मैदान में विभिन्न प्रत्याशियों के समर्थन में आमने सामने हैं। इधर बीडीओ सह आरओ जफर इमाम ने मतदाताओं की आशंका पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि प्रशासन उक्त पंचायत में निष्पक्ष एवं निर्भीक चुनाव करवाने के लिए वचनबद्ध है। और बूथों पर सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती के साथ ही चुनाव के दौरान पुलिस और एसटीएफ की सघन पेट्रोलिंग जारी रहेगी। बीडीओ ने चेतावनी दी है कि किसी तरह की गड़बड़ी पैदा करने वालों और असामाजिक तत्वों पर प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है।
0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.