मधुबनी - लदनियां से हरिश्चन्द्र यादव की रिपोर्ट
लदनियां प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना तेजी से फैल रहा है। लोग बुखार व सर्दी-खांसी से आक्रान्त हैं। चिकित्सकों के अनुसार ये सारे लक्षण कोरोना के हैं। विगत बारह दिनों में दस लोगों की मौत हो गई है। इसे देखते हुए गांव के लोग सहमे हुए हैं। गांवों में सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रमीण स्तर पर प्रदत सरकारी उप स्वास्थ्य केन्द्रों में न तो दवा की सुविधा है और नाहीं स्वास्थ्य कर्मियों की। इन अस्पतालों में लोग उपलें, जलावन व भूसा रख रहे हैं। यही कारण है कि लोग ग्रामीण चिकित्सकों से इलाज करवा रहे हैं, जो इनकी लाचारी है। कहने के लिए यहां अठारह उपस्वास्थ्य केन्द्र हैं, लेकिन सब में ताले लगे हैं। सबकी हालत लगभग एक जैसी है। यहां गांव के स्तर पर न तो जांच की व्यवस्था है और नाहीं टीकाकरण की। लोग कोरोनाकाल की इस त्रासदी को भी ग्रामीण चिकित्सकों के भरोसे झेल रहे हैं। सबके माथे पर चिन्ता की लकीर स्पष्ट तौर पर दिख जाती है। किसी के पिता बीमार हैं, तो किसी के पुत्र। किसी के पति बीमार हैं, तो किसी की पत्नी। किसी की बहन बीमार है, तो किसी की बेटी। लोगों के दिलोदिमाग में इस विषम परिस्थिति में अपनो के खोने की आशंका बनी रहती है।

0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.