अच्छे अंकों से पास छात्रों को मिल रही वाहवाही



मधुबनी - लदनियां से हरिश्चन्द्र यादव की रिपोर्ट

बिहार बोर्ड की मैट्रिक परीक्षा में लदनियां के दर्जनों छात्रों का प्रदर्शन बेहतर रहा। 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वालों छात्रों की वाहवाही हो रही है। लोग उनके घर जाकर शुभकामना दे रहे हैं। ऐसे छात्रों में हाई स्कूल गाढ़ा के छात्र चौपाईर गांव निवासी मजदूर वर्गीय हरिदेव पासवान का पुत्र रोहित कुमार पासवान भी शामिल हैं। उन्हें 466 अंक मिले हैं। स्कूल रिकॉर्डर बने इस छात्र ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रखंड का नाम रोशन किया है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने मातापिता के आशीर्वाद व ज्ञान गंगा कोचिंग सेन्टर सिंगरियाही के संचालक गुरुदेव यादव को दिया है। हाई स्कूल खाजेडीह के छात्र सोहम कुमार को 463 अंक मिले हैं। वह धर्मबन निवासी किसान सलाहकार तुलसी गुप्ता का पुत्र है। न्यू अपग्रेडेड हाई स्कूल भगवतीपुर के छात्र आलोक कुमार को 432 अंक मिले हैं। वह बेंगाटोल निवासी मिठाई दुकानदार रामचन्द्र यादव का पुत्र है। उत्तीर्ण इन छात्रों के बेहतर परिणाम से स्कूलों का मान बढ़ा है। सुदूर सीमायी क्षेत्र के इन छात्रों को समाज के लोगों ने पुरस्कृत करते हुए बधाई दी है। सबके शिक्षकों ने कहा कि इनका रिजल्ट उनकी लगनशीलता का परिणाम है। इन छात्रों ने साक्षात्कार में कहा कि वे अपने परिणाम से संतुष्ट हैं। सरपंच शिवनारायण सुमन ने छात्र रोहित कुमार को पुरस्कृत किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ