लदनियां थाने की महथा पंचायत की नलजल योजना में लाखों के गबन मामले में संलिप्त मनरेगा के जेई विक्की कुमार को थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में मधुबनी भेज दिया है। इस मामले में दर्ज केस का वह अप्राथमिकी अभियुक्त है। इनकी गिरफ्तारी बुधवार को प्रखंड कार्यालय परिसर से की गई। बीडीओ के आदेश पर बीपीआरओ नरेन्द्र प्रसाद ने थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई थी। नलजल योजना की राशि के गबन मामले में आपूर्तिकर्ता, मुखियापति व वार्ड सदस्य जेल की हवा खा चुके हैं।
शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के उद्देश्य से जिला पंचायतराज पदाधिकारी ने कुछ दिन पूर्व सूची मांगी थी। पत्रादेश के आलोक में बीपीआरओ नरेन्द्र प्रसाद ने सात निश्चय योजना में वित्तीय अनियमितता बरतने वाली महथा पंतायत से जुड़े प्राथमिकी व अप्राथमिकी आरोपितों की सूची जिले को भेजी है।
सूची के अनुसार वार्ड सात की रीता देवी, वार्ड आठ के लक्ष्मण महरा, विनीता देवी, तेतरी देवी, जनसेवक ठाकुर जितेंद्रनारायण सिंह, जेई विक्की कुमार व मनोज कुमार साह आदि के नाम की सूची जिले को भेजी गई थी, जिसमें कहा गया था कि इनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। मुखियापति धनिकलाल चौधरी जमानत पर हैं। जानकारी थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने दी है।

0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.