एसएसबी के सामाजिक चेतना अभियान में पहुंचे सांसद व विधायक ने बांटे कृषि उपकरण


मधुबनी - लदनियां से हरिश्चन्द्र यादव की रिपोर्ट

मधुबनी जिले के लदनियां प्रखंड के महुलिया गांव स्थित एसएसबी कैंप परिसर में 18वीं वाहिनी राजनगर द्वारा शनिवार को एक दिवसीय समाजिक चेतना अभियान के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। समारोह में विशिष्ट अतिथि सांसद रामप्रीत मंडल व क्षेत्रीय विधायक मीणा कुमारी ने कार्यक्रम का आगाज किया। छात्राओं ने गान प्रस्तुत किया। विशिष्ट अतिथि के आगमन पर एसएसबी 18वीं बटालियन राजनगर के अरविंद कुमार ने बुके देकर इन दोनों अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन बीके यादव ने किया। अतिथियों ने अपने संबोधन में एसएसबी द्वारा किए गये इस कार्यक्रम की सराहना की। कहा कि एसएसबी जवान मात्र सीमा पर तैनात होकर हमारी रक्षा ही नहीं करते, अपितु समाज को जागरूक बनाने में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।

 समारोह स्थल पर एसएसबी द्वारा नि:शुक्ल मानव व पशु चिकित्सा शिविर में जांच व दवा का वितरण किया गया। एसएसबी के कई अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि एसएसबी द्वारा आयोजित हर कार्यक्रम में यहां के लोगों द्वारा जो जन सहयोग मिलता है। इसके लिए पूरी एसएसबी टीम आभारी है।

 इन्होंने कहा कि एसएसबी की उपलब्धि में आपकी सहभागिता हमेशा रही है। जिसके कारण एसएसबी सीमा पर सुरक्षा व शांति बहाल करने में कामयाब रहा है। एसएसबी के वरीय पदाधिकारी अरविंद कुमार व राहुल कुमार राय ने उपस्थित लोगों का अभिवादन करते हुए कहा कि सशस्त्र सीमा बल सेवा, सुरक्षा तथा बंधुत्व की स्थापना के लिए प्रतिबद्ध है।
       इसी भावना को लेकर एसएसबी के सभी जवान सीमा पर तैनात हैं। एसएसबी सीमा सुरक्षा के साथ-साथ सीमावर्ती क्षेत्रों में कई तरह का आयोजन कर पाता है। कहा कि एसएसबी और सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए इस तरह का आयोजन किया जाता है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों व ग्रामीणों से अपील कर कहा कि हम आपकी सुरक्षा के लिए सीमा पर तैनात हैं। हम आपके अपने हैं, हमें गैर न समझें। कहा कि हम सभी भारत माता की सुरक्षा की चिंता करते हैं। अपने घर परिवार को छोड़ देश सेवा की भावना से आपके बीच मौजूद हैं। बस जरूरत है आपके सहयोग की, आपकी मदद की। उन्होंने बच्चों से कहा कि विद्या एक अनमोल धरोहर है। इसीलिए पढ़ाई पर ध्यान दें। आपका भावी जीवन आपके हाथों में है। सांसद व विधायक ने किसानों के बीच कई कृषि उपकरण बांटे। जिसमें खुरपी, कुदाल, बेलचा सहित कई अन्य कृषि उपकरण शामिल थे। कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है।

 इस अवसर पर जदयू के सत्यनरायण साफी, हरिनारायण सहनी, मृगेंद्र सिंह, रोशन कुमार, परमात्मा सिंह, विधायक प्रतिनिधि प्रो रामप्रसाद सिंहा, रमन कामत, रामकुमार यादव, रीझन यादव, कुजीलाल महरा, वीरेंद्र यादव, दिलीप यादव, शिवनाथ यादव, राजीव कुमार, धर्मविजय कुमार, विंदेश्वर भंडारी, चंद्रशेखर कामत समेत सैकड़ों की संख्या में क्षेत्र की महिलाएं, पुरुष व बच्चे उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ