एकतरफा मुकाबले में मेहुस ने जमाया कब्जा।


शेखपुरा

मेहुस स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के मैदान में खेले जा रहे 21 वीं मां माहेश्वरी क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में रविवार को मेजबान मेहुस की क्रिकेट टीम ने ट्रॉफी के प्रबल दावेदार बरबीघा की टीम को एकतरफा मुकाबले में 190 रनों के विशाल अंतर से पराजित कर ट्रॉफी पर अपना कब्जा जमा लिया। टॉस जीतने के बाद मेहुस टीम के कप्तान ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और पहले बल्लेबाजी करते हुए मेहुस की टीम ने निर्धारित बीस ओवरों में 306 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जिसके जवाब में खेलने उतरी बरबीघा की टीम महज 126 रन बनाकर ढेर हो गई। विजेता टीम के खिलाड़ी सुधांशु और वीना को संयुक्त रूप में मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। जबकि पटना जिला के बाढ़ क्रिकेट टीम के कप्तान गगन कुमार को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया। खेल मैदान पर ही आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक सुदर्शन कुमार ने विजेता टीम के कप्तान को ट्रॉफी और 25 हजार रूपए का नकद पुरस्कार दिया। जबकि उपविजेता टीम के कप्तान को ट्रॉफी और 11 हजार रूपए का पुरस्कार दिया। समारोह की अध्यक्षता मेहुस पंचायत के मुखिया चितरंजन कुमार ने की। जबकि मंच संचालन कंचन कुमार ने किया। समारोह में अन्य अतिथियों में जदयू के पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ अर्जुन प्रसाद , सुरेश प्रसाद सिंह , प्राचार्य डॉ रामप्रकाश सिंह , देवेन्द्र ठाकुर , डॉ गौतम कुमार सहित कई पंचायती के मुखिया , पैक्स अध्यक्ष व अन्य गणमान्य लोग लोग उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ