प्रखंड के लोग विभिन्न कार्यों से प्रखंड सह अंचल परिसर स्थित आरटीपीएस कार्यालय लगातार पहुंच रहे हैं। काम नहीं होने के कारण लोगों को खाली हाथ लौट जाना पड़ रहा है। ऑनलाइन आवेदन करने के बाद लोग जब आवासीय, जाति व आय प्रमाण-पत्र लेने कार्यालय काउंटर पर पहुंचते हैं, तो इन्हें यह कहकर वापस कर दिया जाता है कि सरवर गड़बड़ चल रहा है।
जानकारी के अनुसार जबसे आरटीपीएस कार्यालय के सिस्टम को सर्विस प्लस वेबसाइट से टैग किया गया, तबसे सरवर ठीक से काम नहीं कर रहा है। एक माह पूर्व इस वेबसाइट से सिस्टम को जोड़ा गया था।
यही कारण है कि राशनकार्ड कार्ड के लिए पंचायतवार पहुंच रहे आवेदन ऑफलाइन लिये जा रहे हैं। राशनकार्ड के आवेदन में आवासीय की अनिवार्यता है, लेकिन चाहकर भी आरटीपीएस कार्यालय कर्मी इसे निर्गत नहीं कर पा रहे हैं। इस बाबत लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। यही कारण है कि यदाकदा आवेदक व कर्मियों के बीच तू तू- मैं मैं की स्थिति आती रहती है।
कार्यालय के कर्मियों ने बताया कि 10 दिसम्बर 2020 से सरकार ने सर्विस प्लस वेबसाइट से आरटीपीएस को टैग किया है। इसके बाद से परेशानी उत्पन्न हुई है। लिंक के कमजोर रहने से काम नहीं हो पाता है। सरकारी कामकाज प्रभावित होकर रह गया है।

0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.