Header Ads Widget

लालू-नीतीश की सरकार ने बिहार को भ्रष्टाचार में आकंठ डूबोया : राजेश रंजन



मधुबनी - लदनियां से हरिश्चन्द्र यादव की रिपोर्ट :
जाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने बुधवार को उच्चविद्यालय खाजेडीह के मैदान में चुनावी सभा को संबोधित किया। अपनी पार्टी के बाबूवरही विधानसभा उम्मीदवार अभियंता रहे राजकुमार सिंह को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील करते हुए राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने कहा कि आप लोगों ने विगत पन्द्रह-पन्द्रह साल की लालू-नीतीश सरकार देखी। बिहार को भ्रष्टाचार में आकंठ डूबो दिया। 

आपके आशीर्वाद से प्रगतिशील लोकतांत्रिक गठबंधन की सरकार बनी तो महज तीन साल में बिहार भ्रष्टाचार से पूरी तरह मुक्ति पा लेगा। बाढ़ व सुखाड़ से मुक्ति मिल जाएगी। ऐसा नहीं कर पाने की स्थिति में राजनीति से सन्यास ले लूंगा।उन्होंने कहा की मेरी लड़ाई भयमुक्त समाज बनाने की है। सत्ता की मलाई खाने के लिए नहीं। सत्ता में आने के दो साल के भीतर जिले के सभी बंद पड़े उद्योग चालू होंगे।

 सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं पर हमला बोलते हुए श्री यादव ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं में उनकी पार्टी लोगों के साथ खड़ी रही और मदद की। प्रत्याशी श्री सिंह ने कहा कि उन्हें जनता का आशीर्वाद मिला तो शिक्षा में बेहतरी लाकर बिहार के युवकों को देश व विदेशों में सम्मान पाने लायक बनाया जाएगा। अध्यक्षता लक्ष्मी पूर्वे ने की। संचालन रामसेवक राम ने किया। सभा को सम्बोधित करने वालों में सज्जन राम, तकी अहमद नोमानी, नंदलाल यादव, सोनू कुमार यादव, पप्पू कुमार, गायक राजेश मिश्रा, दीपक झा, अजय कुमार झा समेत अन्य हैं।