360वें प्रकाश पर्व-2027 की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव ने की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक; 31 दिसम्बर 2026 तक सभी तैयारियाँ पूर्ण करने का सख्त निर्देश






पटना : सिखों के दशम गुरु श्री गुरु गोविन्द सिंह जी महाराज की 360वीं जयंती (प्रकाश पर्व-2027) के भव्य एवं सफल आयोजन को लेकर आज बिहार के मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उल्लेखनीय है कि यह पर्व 09 से 16 जनवरी 2027 तक तख्त श्री हरमंदिर जी, पटना साहिब में 'बिहार है तैयार - जी आयां नू' की थीम के साथ मनाया जाएगा।




बैठक में मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और आतिथ्य में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकांश आधारभूत एवं व्यवस्थागत कार्यों को 31 दिसम्बर 2026 की निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूर्ण करने का निर्देश दिया।

समीक्षा बैठक के प्रमुख बिंदु एवं विभागीय कार्ययोजना:

• विशेष सांस्कृतिक (कला एवं संस्कृति विभाग): 09 एवं 10 जनवरी 2027 को ज्ञान भवन, पटना में 'अंतरराष्ट्रीय सिख सम्मेलन' का आयोजन प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त, 10 जनवरी को गाँधी मैदान में 'सभ्याचार' कार्यक्रम प्रस्तावित है।

• टेंट सिटी एवं भव्य आयोजन (पर्यटन विभाग): कंगन घाट से गुरु का बाग तक लगभग 20,000 श्रद्धालुओं के लिए टेंट सिटी और 10,000 श्रद्धालुओं के लिए दीवान हॉल का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही लंगर हेतु हैंगर, गतका व पारंपरिक खेलों के लिए स्टेडियम, बुजुर्गों हेतु बैटरी चालित वाहन, 15 जनवरी को कंगन घाट पर 1000 ड्रोन का शो और 16 जनवरी को तड़के आतिशबाजी की व्यवस्था की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु एक समर्पित मोबाइल ऐप भी तैयार किया जा रहा है।

• सड़क एवं आधारभूत संरचना (पथ निर्माण एवं ऊर्जा विभाग): अशोक राजपथ से कंगन घाट, न्यू बाईपास लिंक पथ एवं पटना साहिब स्टेशन के आसपास की सड़कों की मरम्मती 25 दिसम्बर 2026 तक पूरी कर ली जाएगी। ऊर्जा विभाग द्वारा निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ ही हरमंदिर गली व आसपास की गलियों से लटकते तारों को हटाने का कार्य 25 दिसम्बर तक पूर्ण किया जाएगा।

• स्वच्छता, पेयजल एवं आवासन (नगर विकास, पीएचईडी एवं शिक्षा विभाग): पटना नगर निगम द्वारा कंगन घाट से गुरु का बाग तक स्थायी सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं के लिए अस्थायी एसटीपी (STP), चलंत शौचालय, 57 पानी के टैंकर और 10 जल ए.टी.एम. की व्यवस्था की जाएगी। शिक्षा विभाग द्वारा श्रद्धालुओं और लगभग 10,000 पुलिस बलों के ठहरने हेतु 62 विद्यालयों को चिह्नित किया गया है।

• चिकित्सा एवं सुरक्षा व्यवस्था (स्वास्थ्य एवं गृह विभाग): टेंट सिटी (कंगन घाट, बाईपास थाना के निकट व गाँधी मैदान) में अस्थायी अस्पताल बनेंगे तथा पीएमसीएच, एनएमसीएच व गुरु गोविन्द सिंह सदर अस्पताल में डेडिकेटेड वार्ड बनाए जाएंगे। प्रमुख रेलवे स्टेशनों, हवाई अड्डे और गुरुद्वारों में 14 स्थानों पर मेडिकल टीमें तैनात रहेंगी। गृह विभाग द्वारा यातायात प्रबंधन हेतु अतिरिक्त पुलिस बल व 15 नए चेक पोस्ट स्थापित किए जाएंगे।

• यातायात, विमान एवं रेल सेवाएं: गायघाट से कंगन घाट के बीच कैटामरैन (Catamaran) चलाने की योजना है। साथ ही, अमृतसर, चंडीगढ़, दिल्ली और मुंबई से पटना के लिए अतिरिक्त विमान सेवाओं तथा देश के विभिन्न राज्यों से पटना साहिब के लिए विशेष ट्रेनें चलाने हेतु केंद्र सरकार व रेलवे बोर्ड से अनुरोध किया गया है। लंगर हेतु सुधा डेयरी द्वारा दूध, पनीर और घी की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।




मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और टेंडर व क्रय से जुड़ी प्रक्रियाओं में तेजी लाते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु बिहार की समृद्ध आतिथ्य परंपरा का सुखद अनुभव लेकर लौटें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ