- लहरी डांस इंस्टीट्यूशन की नौ नृत्य प्रस्तुतियों के साथ विश्वबंधु थिएट्रिकल डांस फेस्टिवल का भव्य समापन
- उदय शंकर नृत्य शैली की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध, भारतीय संस्कृति और समकालीन भावनाओं का दिखा सुंदर संगम
पटना। पद्मश्री से सम्मानित महान नृत्य साधक गुरु विश्वबंधु जी की 96वीं जयंती के अवसर पर सुरांगन द्वारा आयोजित तीन दिवसीय विश्वबंधु थिएट्रिकल डांस फेस्टिवल 2026 का समापन बुधवार को प्रेमचंद रंगशाला में भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। समापन समारोह में कोलकाता की लहरी डांस इंस्टीट्यूशन ने उदय शंकर नृत्य शैली पर आधारित नौ आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद चंद्रवंशी उपस्थित रहे। समारोह में कुम्हरार के विधायक संजय गुप्ता, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान, संस्कार भारती के अखिल भारतीय मंत्री डॉ. संजय चौधरी तथा पटना आर्ट कॉलेज के पूर्व प्राचार्य प्रो. अजय पांडेय तथा भाजपा कला संस्कृति प्रकोष्ठ के संयोजक वरुण सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
लहरी डांस इंस्टीट्यूशन की निदेशक श्रेया महंता के नेतृत्व में प्रस्तुत कार्यक्रम की शुरुआत ‘प्रणाम’ से हुई। आनंद शंकर की संगीत रचना ‘डिस्कवरी ऑफ इंडिया’ पर आधारित इस प्रस्तुति में सृष्टि, परमात्मा और मानवता के प्रति श्रद्धा एवं समर्पण का भाव व्यक्त किया गया। इसके बाद बंगाली गीत ‘आय बृष्टि झेपे’ पर आधारित ‘एक बरसाती दिन’ में ग्रामीण जीवन, वर्षा और बालसुलभ उल्लास को खूबसूरती से दर्शाया गया।
‘अलबेला सजन’ में मराठा वीरता और युद्ध से लौटे वीरों के स्वागत की परंपरा को नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। वहीं ‘नाग स्तुति’ में भगवान शिव और नागराज वासुकी के पौराणिक संबंध तथा आध्यात्मिक चेतना को दर्शाया गया। ‘छलका रे’ ने किशोरावस्था की दोस्ती, प्रेम और शरारतों की यादों को जीवंत किया, जबकि ‘स्पर्श’ में प्रेम, विरह, स्वप्न और वास्तविकता के बीच के भावनात्मक द्वंद्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम की अगली प्रस्तुतियों में ‘अप्सरा आली’ के माध्यम से स्त्री सौंदर्य, आत्मविश्वास और स्वतंत्र पहचान का उत्सव मनाया गया। ‘चिट्ठी’ ने हाथ से लिखे पत्रों के उस भावुक दौर और उससे जुड़ी स्मृतियों को मंच पर उतारा। अंतिम प्रस्तुति ‘उड़ी उड़ी जाए’ में पतंगबाजी के उल्लास के साथ जीवन में ऊंचे सपने देखने, अपनी जड़ों से जुड़े रहने और असफलताओं के बाद भी आगे बढ़ते रहने का संदेश दिया गया।
सभी प्रस्तुतियों में कलाकारों ने नृत्य, अभिनय, भावाभिव्यक्ति और संगीत का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया। श्रेया महंता के निर्देशन में लहरी के कलाकारों ने उदय शंकर नृत्य शैली की रचनात्मकता और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को समकालीन अभिव्यक्ति के साथ मंच पर प्रस्तुत किया। विशेष अतिथि कलाकार नेताई चंद्रा सेट की सहभागिता भी कार्यक्रम का हिस्सा रही।
महोत्सव का मंच संचालन किशोर केशव ने किया। धन्यवाद ज्ञापन विश्वबंधु थिएट्रिकल डांस फेस्टिवल के संयोजक एवं सुरांगन के सचिव जीतेंद्र चौरसिया ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों, कलाकारों, सहयोगियों और दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस महोत्सव का उद्देश्य गुरु विश्वबंधु की कला-साधना, नृत्य प्रयोगों और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
तीन दिनों तक चले इस महोत्सव का समापन भारतीय नृत्य परंपरा, रचनात्मकता और गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति सम्मान के संदेश के साथ हुआ।







0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.