पटना : बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार आज गया जी स्थित गुरुद्वारा साहिब में प्रथम सिख गुरु, श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के पावन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेककर राज्य एवं देश की सुख-समृद्धि, शांति और सद्भाव के लिए अरदास की। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से अंगवस्त्र एवं सरोपा भेंट कर उनका पारंपरिक अभिनंदन किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी केवल सिख धर्म के संस्थापक ही नहीं, अपितु संपूर्ण मानवता के महान पथप्रदर्शक थे। उनके जीवन और उपदेशों ने विश्व को प्रेम, शांति, समानता, आपसी भाईचारे एवं निःस्वार्थ सेवा का मार्ग दिखाया। उनकी तीन आधारभूत शिक्षाएँ — 'नाम जपो, किरत करो और वंड छको' — हमें ईश्वर-स्मरण, ईमानदारीपूर्वक परिश्रम तथा अपनी अर्जित आय को जरूरतमंदों के साथ साझा करने की निरंतर प्रेरणा देती हैं।
माननीय अध्यक्ष ने कहा कि गुरु साहिब ने जात-पात, ऊँच-नीच, सामाजिक भेदभाव और अंधविश्वास का प्रबल विरोध करते हुए मानवीय समानता एवं धार्मिक सद्भाव का संदेश दिया। उनके अनुसार भूखों को भोजन कराना, असहायों की सहायता करना और समाज में प्रेम व एकता को सुदृढ़ करना ही सच्ची ईश्वर-भक्ति है। उनकी पावन वाणी आज भी ऐसे समतामूलक समाज के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करती है, जहाँ सभी धर्मों का आदर हो और मानवता सर्वोपरि रहे।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि बिहार की गौरवशाली आध्यात्मिक विरासत की इस पावन भूमि का सिख गुरुओं से अत्यंत आत्मीय और ऐतिहासिक संबंध रहा है। तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब इस महान गुरु परंपरा का प्रमुख केंद्र है। इस समृद्ध विरासत और गुरु साहिब के जीवन-मूल्यों को सहेजकर भावी पीढ़ियों तक पहुँचाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
उन्होंने प्रकाश पर्व के भव्य एवं सफल आयोजन के लिए गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सभी पदाधिकारियों को बधाई दी तथा प्रदेशवासियों से गुरु नानक देव जी के उपदेशों को जीवन में उतारकर सामाजिक सौहार्द को और मजबूत करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर श्री गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष श्री सरब सिंह, सचिव मनजीत सिंह गांधी, कोषाध्यक्ष भूपिंदर सिंह, सदस्य जसवंत सिंह, स्त्री सत्संग की अध्यक्ष कवलजीत कौर सहित सिख समाज के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
उप निदेशक
बिहार विधान सभा, पटना

0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.