- अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने छठ घाट पहुंचे व्रतियों की सुविधाओं का संजय सरावगी ने लिया जायजा
- प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने हरिबोल तालाब में नवनिर्मित छठ घाट एवं सौंदर्यीकरण कार्य का किया उद्घाटन
- संजय सरावगी राणीसती, कारक घाट पर सपरिवार अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर की पूजा-अर्चना
- छठ महापर्व हमारी समृद्ध लोकपरंपरा, अटूट आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक : संजय सरावगी
पटना, 15 नवंबर। लोक आस्था एवं सूर्योपासना के महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार की शाम बिहार में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। दरभंगा सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में व्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर छठी मैया की पूजा-अर्चना की।
इस पावन अवसर पर बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं दरभंगा के विधायक संजय सरावगी ने दरभंगा के विभिन्न छठ घाटों का भ्रमण कर व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर पहुंचे लोगों से मुलाकात की और उनका अभिवादन भी स्वीकार किया।
प्रदेश अध्यक्ष ने शीशो पश्चिमी स्थित राज घाट (छठ घाट), पटवा पोखर एवं नीम पोखर सहित विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए अन्य इंतजामों का जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अच्छी व्यवस्था की गई है। लोक आस्था के इस महापर्व की पवित्रता, गरिमा और परंपरा बनी रहे तथा व्रतियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है।
इस अवसर पर संजय सरावगी ने हरिबोल तालाब में नवनिर्मित छठ घाट एवं सौंदर्यीकरण कार्य का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व हमारी समृद्ध लोकपरंपरा, अटूट आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। ऐसे अवसरों पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और धार्मिक स्थलों का विकास करना आवश्यक है। इस बार सभी छठ घाटों पर अच्छी व्यवस्था की गई है।
इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने राणीसती, कारक घाट, दरभंगा में सपरिवार अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को संध्या अर्घ्य अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की और छठी मैया का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने छठी मैया से समस्त प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
प्रदेश अध्यक्ष ने संध्या अर्घ्य के अवसर पर सभी छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छठ महापर्व सामाजिक समरसता, पवित्रता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि सोमवार सुबह व्रती उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन होगा। उन्होंने कामना की कि छठी मैया की कृपा सभी पर बनी रहे और सभी व्रतियों की मनोकामनाएं पूर्ण हों।





0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.