सिद्धपीठ माँ मंगला भवानी मंदिर में डॉ. प्रेम कुमार ने किया विशेष पूजन एवं हवन, देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना
पटना: बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष एवं अखिल भारतवर्षीय चंद्रवंशी क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने आज उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद के भरौली क्षेत्र अंतर्गत नसीरपुर मुटकल्ला स्थित ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध सिद्धपीठ माँ मंगला भवानी मंदिर में पहुँचकर विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजा-अर्चना और हवन किया। मंदिर परिसर में आगमन पर स्थानीय श्रद्धालुओं एवं मंदिर प्रबंधन से जुड़े लोगों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर बिहार विधान सभा अध्यक्ष ने माँ मंगला भवानी के श्रीचरणों में शीश नवाकर बिहार सहित संपूर्ण देश की सुख-समृद्धि, शांति, आरोग्य एवं निरंतर प्रगति की मंगलकामना की। उन्होंने माँ भगवती से प्रार्थना की कि उनकी असीम कृपा से देश और प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के जीवन में सुख, शांति एवं खुशहाली बनी रहे।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि भारत की गौरवशाली आध्यात्मिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएँ हमारी अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण एवं संवर्धन हम सभी का दायित्व है। प्राचीन सिद्धपीठ एवं शक्तिपीठ हमारी अटूट आस्था और श्रद्धा के केंद्र होने के साथ-साथ सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता तथा नैतिक मूल्यों के जीवंत प्रतीक भी हैं। माँ भगवती की आराधना मनुष्य को आंतरिक शक्ति, साहस, सेवा, करुणा एवं निःस्वार्थ लोककल्याण की भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा प्रदान करती है।
उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थल हमारी सांस्कृतिक चेतना को समृद्ध करने के साथ-साथ समाज में सद्भाव, एकजुटता और मानवीय मूल्यों को भी प्रोत्साहित करते हैं। इन पवित्र स्थलों की परंपराओं और महत्ता को भावी पीढ़ियों तक पहुँचाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर भाजपा बिहार प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रणविजय रोशन एवं वरिष्ठ भाजपा नेता प्रमोद मिश्रा उपस्थित रहे।
उप निदेशक
बिहार विधान सभा, पटना



0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.