- मृदा स्वास्थ्य कार्ड से खुलेगी वैज्ञानिक खेती की राह, 2 लाख 50 हजार मिट्टी के नमूनों की होगी वैज्ञानिक जाँच
- मिट्टी की सेहत का रखेंगे ध्यान, तभी समृद्ध होंगे किसान -: विजय कुमार सिन्हा.
- स्वस्थ मिट्टी, सुरक्षित भविष्य और समृद्ध किसान—इसी संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा बिहार-:विजय कुमार सिन्हा
पटना, दिनांक 26.11.2026
माननीय कृषि मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में बिहार के लिए कुल 1.50 लाख मिट्टी नमूनों के संग्रहण एवं विश्लेषण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। किसानों के हित में भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा नवंबर 2026 में बिहार को 1 लाख अतिरिक्त मिट्टी नमूनों के संग्रहण एवं विश्लेषण का लक्ष्य दिया गया है। इसके परिणामस्वरूप चालू वित्तीय वर्ष में राज्य का कुल लक्ष्य 1.50 लाख से बढ़कर 2.50 लाख हो गया है।
कृषि मंत्री ने बताया कि निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध अब तक राज्य में 1,38,678 मिट्टी नमूनों का संग्रहण किया जा चुका है, जिनमें से 1,23,763 मिट्टी के नमूनों का वैज्ञानिक विश्लेषण पूरा कर किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड उपलब्ध कराया गया है।
श्री सिन्हा ने बताया कि राज्य के किसानों के खेतों की मिट्टी को स्वस्थ एवं उपजाऊ बनाए रखने तथा कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि के उद्देश्य से केंद्र प्रायोजित मृदा स्वास्थ्य एवं उर्वरता योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इस योजना के तहत किसानों के खेतों से मिट्टी के नमूने एकत्रित कर मिट्टी जाँच प्रयोगशालाओं में उनका वैज्ञानिक विश्लेषण कराया जाता है। जाँच के परिणामों के आधार पर मृदा स्वास्थ्य कार्ड जारी कर किसानों को उनके खेतों की मिट्टी की गुणवत्ता एवं रकबा के अनुरूप आवश्यक उर्वरकों के संतुलित उपयोग की अनुशंसा की जाती है।
कृषि मंत्री ने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य रासायनिक उर्वरकों के अंधाधुंध उपयोग को कम करना, मिट्टी की उर्वरता एवं स्वास्थ्य बनाए रखना तथा किसानों को वैज्ञानिक खेती के प्रति जागरूक करना है। मिट्टी की आवश्यकता के अनुरूप उर्वरकों के उपयोग से खेती की लागत में कमी आएगी और फसलों की गुणवत्ता एवं उत्पादकता में वृद्धि होगी।
विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘स्वस्थ धरा, समृद्ध किसान’ के संकल्प को साकार करते हुए मिट्टी की उर्वरता का संरक्षण, उर्वरकों का संतुलित उपयोग और वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देना हमारा लक्ष्य है। स्वस्थ मिट्टी ही समृद्ध किसान और टिकाऊ कृषि का आधार है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की सरकार किसानों को वैज्ञानिक एवं टिकाऊ खेती से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। मिट्टी की सेहत सुरक्षित रखना केवल बेहतर कृषि उत्पादन के लिए ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए कृषि भूमि की उर्वरता बनाए रखने के लिए भी आवश्यक है। किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड में दी गई अनुशंसाओं के अनुसार उर्वरकों का संतुलित उपयोग करना चाहिए, ताकि मिट्टी की गुणवत्ता बनी रहे और कृषि अधिक लाभकारी एवं टिकाऊ बन सके।

0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.