सदाकत आश्रम में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भारी हंगामा, पत्रकारों के साथ हाथापाई,पत्रकारों ने किया बहिष्कार





पटना : बिहार की राजधानी पटना में सदाकत आश्रम, जो कांग्रेस का प्रदेश कार्यालय है। वहां जमकर हंगामा हुआ और मारपीट की गई। जानकारी के मुताबिक प्रेस कॉन्फ्रेंस को कवर करने पहुंचे मीडियाकर्मियों से मारपीट की गई है।इस घटना को अंजाम कथित तौर पर एनएसयूआई के कुछ कार्यकर्ताओं ने दिया है। उसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस का मीडिया कर्मियों द्वारा बहिष्कार कर दिया गया। मीडिया कर्मी कार्यालय से बाहर निकल गये। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस अटेंड करने से मना कर दिया।

दरअसल, NSUI की केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण (CEA) की ओर से सदाकत आश्रम में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई थी। इसमें केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के सदस्य केके शास्त्री और NSUI के आंतरिक चुनाव समन्वयक विवेक गिरी भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बैठने के लिए कुर्सी को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हंगामे में बदल गया। हैरानी की बात यह है कि जिन नेताओं और पदाधिकारियों की मौजूदगी में यह प्रेस कॉन्फ्रेंस हो रही थी, उन्हीं के सामने पत्रकारों के साथ बदसलूकी और मारपीट की घटना हुई। नेता मूकदर्शक बने देखते रहे।

इस संवाददाता सम्मेलन को एनएसयूआई के प्रभारी और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के नेता कन्हैया कुमार समेत विभिन्न लोग संबोधित करने वाले थे।

हालांकि, पत्रकारों को जब पता चला कि कुमार शहर में मौजूद नहीं हैं, तो वे नाराज हो गए। पत्रकारों ने आरोप लगाया कि संवाददाता सम्मेलन में अधिक संख्या में मीडिया कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए उन्हें गुमराह किया गया और स्थानीय एनएसयूआई पदाधिकारियों के कार्यक्रम में कन्हैया कुमार के आने की गलत सूचना दी गई। वहीं, कांग्रेस की प्रदेश इकाई ने इस आरोप से इनकार करते हुए कहा कि सुबह जारी किए गए आमंत्रण में कन्हैया कुमार का नाम शामिल था, लेकिन संवाददाता सम्मेलन शुरू होने से करीब आधे घंटे पहले जारी संशोधित सूचना में स्पष्ट कर दिया गया था कि वह कार्यक्रम में उपस्थित नहीं होंगे।

पत्रकार संगठनों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। पत्रकार संगठनों ने कहा कि इस तरह की घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई है। पुलिस ने कहा कि शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ