सासाराम (रोहतास) : समाजसेवा का वास्तविक उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं को जिम्मेदार पदाधिकारियों और सरकार तक पहुंचाकर उनके समाधान की पहल करना है। इसी कड़ी में शाहाबाद के वरिष्ठ समाजसेवी विवेक कुमार पांडेय उर्फ सोनू पांडेय ने कोचस बाजार स्थित कंचन ज्वेलर्स में दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना को बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार के संज्ञान में पहुंचाया।
बताया जाता है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद विवेक कुमार पांडेय ने मंत्री श्रवण कुमार से संपर्क कर मामले में आवश्यक हस्तक्षेप करने का आग्रह किया। इसके बाद मंत्री ने रोहतास के पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज से फोन पर बातचीत की और घटना में शामिल आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की बात कही। विवेक पांडेय की इस पहल को स्थानीय स्तर पर जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने और पीड़ित पक्ष की आवाज जिम्मेदार लोगों तक पहुंचाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
कोचस की इस घटना के बाद अब लोगों की नजर पुलिस की कार्रवाई और मामले के खुलासे पर टिकी है। इस दौरान मंत्री श्रवण कुमार ने डुमरा हत्याकांड में जनार्दन तिवारी की हत्या का मामला भी रोहतास पुलिस अधीक्षक के समक्ष उठाया था। जानकारी के अनुसार, इस मामले में एसपी मिस्टर राज ने मंत्री को 24 घंटे के भीतर कार्रवाई का भरोसा दिया था। हालांकि, पुलिस ने करीब 12 से 13 घंटे के भीतर ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई पर मंत्री श्रवण कुमार ने एसपी और रोहतास पुलिस की सराहना की। दोनों घटनाओं के संदर्भ में विवेक कुमार पांडेय उर्फ सोनू पांडेय की सक्रियता और मंत्री स्तर पर हुई पहल चर्चा का विषय बनी हुई है। आम लोगों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के ऐसे प्रयासों को समाजसेवा की महत्वपूर्ण भूमिका के रूप में देखा जा रहा है।

0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.