11 अक्टूबर 2026, पटना।
आज पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 71वें श्री रामलीला महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर पिछले 20 वर्षों में हुए विकास-कार्यों पर प्रदर्शनी भी लगाई गई है। महोत्सव एवं प्रदर्शनी का उद्घाटन बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नीतीश कुमार ने किया। आज से शुरू होकर 21 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस महोत्सव एवं प्रदर्शनी का आयोजन श्री दशहरा कमिटी ट्रस्ट ने किया है।
इस मौके पर विधान परिषद् में सत्तारूढ़ दल के उपनेता श्री ललन सर्राफ, मुख्य सचेतक श्री संजय गांधी, श्री दशहरा कमिटी ट्रस्ट के चेयरमैन श्री कमल नोपानी, अध्यक्ष श्री अरुण कुमार, महासचिव श्री प्रिंस कुमार राजू, कोषाध्यक्ष डाॅ0 धनंजय कुमार, संयोजक श्री मुकेश नंदन, श्रीमती सुषमा साहू सहित अन्य पदाधिकारी एवं सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह के दौरान श्री नीतीश कुमार ने कहा कि श्रीराम भारतीय संस्कृति के पर्याय हैं। आज जरूरत इस बात की है कि हम केवल उनका नाम नहीं लें, बल्कि उनके आदर्शों को भी जीवन में उतारें। उन्होंने आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि इस महोत्सव से लाखों श्रद्धालुओं को मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जीवन और आदर्शों से जुड़ने का अवसर मिलता है। संस्कृति को सहेजने की यह प्रशंसनीय पहल है।
श्री नीतीश कुमार ने आगे कहा कि पिछले दो दशकों में बिहार की जितनी पहचान सुशासन और विकास-कार्यों से बनी है, उतनी ही इसकी सांस्कृतिक विरासत और परंपरा को नई भव्यता मिलने से भी बनी है। श्री रामलीला महोत्सव जैसी जीवंत सांस्कृतिक परंपरा ने बिहार की पहचान को और सशक्त बनाया है।
वहीं, श्री दशहरा कमिटी ट्रस्ट ने श्री नीतीश कुमार जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्री नीतीश कुमार ने बिहार को नई ऊँचाई और पहचान देने का काम किया है। स्वयं ऐसे ‘विकासपुरुष’ के हाथों महोत्सव और प्रदर्शनी का उद्घाटन हमलोगों के लिए गौरव की बात है।
(संजय कुमार सिन्हा)
कार्यालय सचिव


0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.