भाजपा प्रदेश कार्यालय में डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती मनाई गई, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने अर्पित की श्रद्धांजलि



  • डॉ. कलाम का राष्ट्र के प्रति समर्पण और वैज्ञानिक योगदान देश की अमूल्य धरोहर : संजय सरावगी
  • युवाओं को बड़े सपने देखने और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देते रहेंगे डॉ. कलाम : संजय सरावगी
  • जयंती कार्यक्रम में अल्पसंख्यक समाज की भागीदारी, नजमा अजीम का हुआ स्वागत
  • कार्यक्रम में शिक्षकों को किया गया सम्मानित, भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉ. कलाम को किया नमन
  • ‘मुसलमान चले मोदी संग’ का संकल्प हो रहा साकार, भाजपा के प्रति बढ़ रहा अल्पसंख्यक समाज का विश्वास


पटना, 15 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी, बिहार प्रदेश कार्यालय में आज महान वैज्ञानिक, पूर्व राष्ट्रपति एवं भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने डॉ. कलाम के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया। कार्यक्रम में उन्होंने डॉ. कलाम के राष्ट्र के प्रति समर्पण, वैज्ञानिक उपलब्धियों और युवाओं को प्रेरित करने वाले विचारों को देश के लिए अमूल्य धरोहर बताया।




संजय सरावगी ने कहा कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का जीवन राष्ट्रसेवा, सादगी, अनुशासन और कर्मठता का अद्वितीय उदाहरण है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उनके असाधारण योगदान ने भारत को वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका जीवन यह संदेश देता है कि ज्ञान, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर बड़े से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम ने देश के करोड़ों युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। उनके विचार आज भी युवाओं को राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प में योगदान देने के लिए प्रेरित करते हैं। डॉ. कलाम के आदर्शों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।




कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मोहिबुल हक, अल्पसंख्यक मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य एवं बिहार प्रभारी नजमा अजीम, प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल, मो. नूर आलम, तुफैल कादरी और दिलशाद अली सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. कलाम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

छत्तीसगढ़ से बिहार पहुंचीं नजमा अजीम का प्रदेश अध्यक्ष मोहिबुल हक और अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।

इस अवसर पर अरसी अजीज, मो. कुर्बान, दिलशाद अली, फरहान नसीम, मुजफ्फर इमरान, मुन्नी खातून, जुलेखा खातून, फिरोज अनवर, नेयाज अंसारी, मो. शाकिर, मुन्ना वारसी, फिरोज सकरी, राजन शाह, त्रिलोकी सिंह और सद्दाम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों को सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका पर जोर दिया। भाजपा नेताओं ने कहा कि डॉ. कलाम का जीवन समाज के सभी वर्गों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके विचारों को अपनाकर देश की एकता, वैज्ञानिक सोच और विकास की भावना को मजबूत किया जा सकता है। 

कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनके आदर्शों पर चलने और राष्ट्रहित में योगदान देने का संकल्प व्यक्त किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ