पटना, 22 अक्टूबर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सूचना एवं जन-संपर्क विभाग को सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी आम लोगों तक त्वरित एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में जनता तक पहुंचाई जाए, ताकि लोग जागरूक होकर उनका लाभ उठा सकें।
मुख्यमंत्री ने गुरुवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में सूचना एवं जन-संपर्क विभाग की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों, विधि-व्यवस्था और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों की निगरानी को मजबूत करने पर जोर दिया। साथ ही नकारात्मक एवं भ्रामक खबरों पर त्वरित प्रतिक्रिया देने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम को सक्रिय रखने का निर्देश दिया।
बैठक में विभाग के सचिव श्री नवीन कुमार ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभागीय कार्यों, प्राथमिकताओं और सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए अपनाए जा रहे माध्यमों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सूचना एवं जन-संपर्क विभाग सरकार और जनता के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी है। विभाग यह सुनिश्चित करे कि जनहित से जुड़ी सूचनाएं समय पर लोगों तक पहुंचें और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल की जाए। उन्होंने विभागीय, जिला और पंचायत स्तर पर लोगों के फीडबैक, सुझावों एवं शिकायतों के बेहतर प्रबंधन और निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर मिलने वाली शिकायतों और सुझावों का प्रभावी विश्लेषण करने तथा उन पर सरकार की ओर से की गई कार्रवाई की जानकारी संबंधित लोगों तक पहुंचाने का भी निर्देश दिया। उन्होंने पत्रकार पेंशन योजना के नियमों एवं प्रावधानों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर बल दिया, ताकि पात्र पत्रकार योजना का लाभ उठा सकें।
मुख्यमंत्री ने बिहार की सभ्यता, संस्कृति और गौरवशाली इतिहास का देश-विदेश में प्रचार-प्रसार करने की आवश्यकता भी जताई। उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों और विदेशों में रहने वाले बिहारवासियों से संपर्क स्थापित कर उनके सुझाव एवं फीडबैक लिए जाएं। साथ ही उन्हें बिहार की विशेषताओं और विकास की उपलब्धियों से अवगत कराया जाए।
उन्होंने कहा कि बिहार के गौरवशाली अतीत को फिर से प्रतिष्ठित करते हुए राज्य को समृद्ध प्रदेश बनाना सरकार का लक्ष्य है। इस दिशा में सभी की सहभागिता और सहयोग आवश्यक है।
बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, सूचना एवं जन-संपर्क विभाग के सचिव नवीन कुमार तथा विभाग की निदेशक श्रीमती गुंजन सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।


0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.