- कोढ़ा में विधायक कविता पासवान के नेतृत्व में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी का भव्य स्वागत
- पुराने कार्यकर्ताओं का सम्मान भाजपा की मजबूत संगठनात्मक परंपरा का प्रतीक : संजय सरावगी
- कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत : संजय सरावगी
- संगठन को मजबूत बनाने में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की भूमिका सदैव स्मरणीय : संजय सरावगी
- जनसंघ के कार्यकर्ताओं ने जो सपना देखा था, आज वह साकार हुआ : संजय सरावगी
पटना, 14 सितंबर। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी अपने कटिहार प्रवास के दौरान कोढ़ा विधानसभा क्षेत्र पहुंचे, जहां विधायक कविता पासवान के नेतृत्व में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने जमकर नारे लगाए और फूल-मालाओं से प्रदेश अध्यक्ष का अभिनंदन किया। उत्साहित कार्यकर्ताओं के स्वागत से पूरा वातावरण भाजपा के नारों से गूंज उठा।
प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी विधायक कविता पासवान के आवास पहुंचे, जहां जनसंघ के समय से पार्टी के लिए समर्पित होकर काम करने वाले वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के सम्मान में आयोजित समारोह में शामिल हुए। उन्होंने पुराने कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर नाश्ता किया और उनके संघर्ष, अनुभव तथा संगठन की पुरानी यात्रा से जुड़े संस्मरणों को आत्मीयता से सुना। उन्होंने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को पार्टी की अमूल्य धरोहर बताते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संजय सरावगी ने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, तो इसके पीछे जनसंघ के समय से लेकर आज तक लाखों-करोड़ों कार्यकर्ताओं की तपस्या, त्याग, संघर्ष और परिश्रम है। जब जनसंघ की स्थापना हुई थी, उस समय संसाधन सीमित थे और राजनीतिक परिस्थितियां भी चुनौतीपूर्ण थीं, लेकिन कार्यकर्ताओं ने विचारधारा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता नहीं छोड़ी।
उन्होंने कहा कि जनसंघ के समय पार्टी के पुराने नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक सपना देखा था कि एक दिन ऐसा आएगा, जब पार्टी की केंद्र के साथ-साथ देश के अधिकांश राज्यों में सरकार होगी। आज वह सपना साकार हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में भाजपा की सरकार है और देश के कई राज्यों में भी भाजपा सरकारें जनता की सेवा कर रही हैं। यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि दशकों तक पार्टी के लिए संघर्ष करने वाले पुराने नेताओं और कार्यकर्ताओं के त्याग एवं परिश्रम का परिणाम है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनसंघ के दौर में जिन कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव और घर-घर जाकर संगठन की विचारधारा को पहुंचाया, उन्हीं के प्रयासों से आज भाजपा का संगठन देश के कोने-कोने तक मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए पुराने कार्यकर्ता केवल इतिहास का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि वे संगठन की जीवंत प्रेरणा और मार्गदर्शक हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। पार्टी में कोई कार्यकर्ता छोटा या बड़ा नहीं होता। हर कार्यकर्ता संगठन की सफलता में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का अनुभव और नई पीढ़ी के कार्यकर्ताओं की ऊर्जा मिलकर संगठन को और मजबूत बनाती है।
संजय सरावगी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के अनुभव से प्रेरणा लेते हुए जनसेवा और संगठन विस्तार के कार्य को आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और विकास का लाभ पहुंचाना है।
इस अवसर पर विधायक कविता पासवान सहित पार्टी के पदाधिकारी, जनसंघ काल के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.