गोपालगंज एवं पश्चिम चंपारण के विभिन्न स्थलों का सचिव द्वारा किया गया निरीक्षण, अधिकारियों को फ्लड फाइटिंग कार्य में तेजी लाने के निर्देश





गंडक नदी बेसिन के नेपाल जलग्रहण क्षेत्रों में अल्प अवधि में हुई अत्यधिक वर्षापात के फलस्वरूप गंडक नदी में बढ़े जलप्रवाह एवं उत्पन्न स्थिति का जमीनी स्तर पर आकलन करने के लिए जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने आज गोपालगंज एवं पश्चिम चंपारण जिलों के विभिन्न क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण किया। सचिव ने डुमरियाघाट, मंगलपुर सहित अन्य स्थलों का निरीक्षण कर गंडक नदी के जलस्तर एवं फ्लड फाइटिंग कार्य का जायजा लिया।




पश्चिम चंपारण जिले के बथना, फुलियाखांड एवं लौकरिया में भी सचिव द्वारा गंडक नदी के जलस्तर एवं फ्लड फाइटिंग कार्य का जायजा लिया गया। बैरिया प्रखंड अंतर्गत बथना गांव में गंडक नदी के फ्लैश फ्लड की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया तथा स्थानीय लोगों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली गई। मंगलपुर में भी फ्लैश फ्लड की स्थिति के संबंध में स्थानीय स्तर पर जानकारी प्राप्त की गई।




सचिव ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यकतानुसार अतिरिक्त मैनपावर एवं सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए फ्लड फाइटिंग कार्य में और तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही, तटबंधों की रात्रि में विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी संभावित स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।




आज शाम 6 बजे गोपालगंज जिले के डुमरियाघाट गेज स्थल पर गंडक नदी का जलस्तर 64.40 मीटर दर्ज किया गया, जो निर्धारित उच्चतम बाढ़ स्तर (HFL) 64.36 मीटर से 4 सेंटीमीटर अधिक है।




वर्तमान स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त अभियंताओं की प्रतिनियुक्ति संबंधित स्थलों पर की गई है। विभाग के वरीय पदाधिकारियों द्वारा स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है तथा आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ