- 20 अगस्त को बामेती, पटना में होगा ‘कृषि जन कल्याण संवाद’
- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान होंगे मुख्य अतिथि
दिनांक : 19 अगस्त, 2026
पटना। किसानों, महिलाओं, युवाओं एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े श्रमिकों के हितों को केंद्र में रखते हुए बिहार कृषि विभाग द्वारा 20 अगस्त, 2026 को बामेती, पटना में ‘कृषि जन कल्याण संवाद’ का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य कृषि क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक बदलावों, किसानों की आय एवं समृद्धि, महिला उद्यमिता, युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर तथा श्रमिकों के कल्याण से जुड़े विषयों पर संवाद को आगे बढ़ाना है। कार्यक्रम में माननीय केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
माननीय मंत्री ने बताया कि ‘प्रकृति प्रतिभा का सम्मान-राष्ट्र समाज का उत्थान’ की अवधारणा पर आधारित इस संवाद में बिहार की कृषि की समृद्ध परंपरा के साथ आधुनिक तकनीक, नवाचार एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों को जोड़ते हुए किसानों के सर्वांगीण विकास पर चर्चा होगी।बिहार में कृषि को केवल उत्पादन तक सीमित न रखते हुए किसान को समृद्ध बनाने, महिलाओं को कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में उद्यमी बनाने, युवाओं को कृषि से जोड़कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा श्रमिकों के जीवन स्तर में सुधार की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ‘कृषि जन कल्याण संवाद’ में कृषि क्षेत्र में तकनीक के बढ़ते उपयोग, डिजिटल कृषि, फसल प्रबंधन, प्राकृतिक एवं टिकाऊ कृषि, महिला सशक्तीकरण, कृषि आधारित उद्यमिता, प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन तथा किसानों को बाजार से बेहतर तरीके से जोड़ने जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
माननीय कृषि मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बिहार की कृषि की शक्ति उसके किसान, उसकी मिट्टी और उसकी प्रकृति में निहित है। कृषि जन कल्याण संवाद इसी शक्ति को नई दिशा देने का प्रयास है। हमारा लक्ष्य है कि किसान केवल फसल उत्पादक न रहें, बल्कि कृषि आधारित अर्थव्यवस्था के सशक्त भागीदार बनें।
उन्होंने कहा कि महिलाओं और युवाओं की भागीदारी के बिना कृषि क्षेत्र का पूर्ण विकास संभव नहीं है। कृषि को तकनीक, नवाचार, उद्यमिता और बाजार से जोड़कर बिहार के गांवों में रोजगार और समृद्धि के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं।
माननीय मंत्री ने बताया कि कार्यक्रम में कृषि क्षेत्र से जुड़े किसान, महिला उद्यमी, युवा, कृषि विशेषज्ञ एवं अन्य हितधारक शामिल होंगे। संवाद के माध्यम से कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को अधिक सशक्त, आत्मनिर्भर एवं रोजगारपरक बनाने की दिशा में विचारों और अनुभव साझा किये जाएंगे।
उन्होंने बताया कि कृषि जन कल्याण संवाद का संदेश स्पष्ट है—किसान की समृद्धि, महिला की उद्यमिता, युवा का रोजगार और श्रमिक का उत्थान ही समृद्ध बिहार की मजबूत नींव है।


0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.