पटना में NEET छात्रा की संदिग्ध अवस्था में मौत, कमरे से लटकता मिला शव।





पटना  : राजधानी पटना के एक हॉस्टल में 12वीं की छात्रा ने सुसाइड कर लिया. छात्रा ने अपने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी. मंगलवार (2 जून) की सुबह हॉस्टल की अन्य लड़कियों और वहां काम कर रहे कर्मचारियों ने जब छात्रा को इस हालत में देखा तो आवाक रहे गए. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.

घटना पटना के पत्रकार नगर थाना स्थित सचिवालय कॉलोनी के 2A/26 की है. यहां राधे कृष्ण हॉस्टल में आज मंगलवार, 2 जून को श्रुति की लाश मिली है. मृतका समस्तीपुर की रहने वाली थी और साल 2024 से इसी हॉस्टल में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की पढ़ाई कर रही थी. बताया जा रहा है कि रात में खाने के बाद श्रुति सो गई थी, लेकिन सुबह उसके कमरे का मंजर खौफनाक था.10 दिन पहले ही श्रुति अपने गांव से पटना लौटी थी. 

श्रुति के दोस्तों ने बताया कि वह कहा करती थी कि उसके मम्मी पापा उससे बात नहीं करते. फिलहाल, फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर अपनी जांच पूरी कर ली है और छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस ने श्रुति के परिजनों से बात की है और पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद उसका शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा.

बता दें कि पटना, कोटा और देश के अन्य शैक्षणिक केंद्रों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव को लेकर समय-समय पर चिंता जताई जाती रही है. हालांकि इस मामले में अभी तक किसी विशेष कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ