पटना : कैंसर सर्वाइवर्स दिवस के अवसर पर जय प्रभा मेदांता सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, पटना में एक विशेष इंटरैक्टिव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कैंसर से सफलतापूर्वक उपचार प्राप्त कर चुके 60 से अधिक कैंसर विजेताओं को अस्पताल की ओर से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कैंसर विजेताओं ने अपने उपचार, संघर्ष, मानसिक मजबूती और स्वस्थ जीवन की ओर लौटने की प्रेरक कहानियां साझा कीं। कई मरीजों ने बताया कि कैंसर का नाम सुनते ही उनके और उनके परिवार के सामने डर और अनिश्चितता की स्थिति बन गई थी, लेकिन समय पर उपचार, परिवार का सहयोग, डॉक्टरों की सलाह और सकारात्मक सोच ने उन्हें इस कठिन दौर से बाहर निकलने में मदद की।
खबरों से संबंधित वीडियो देखें 👆
इस अवसर पर मेदांता पटना के कैंसर विशेषज्ञों ने कहा कि कैंसर अब केवल डर का विषय नहीं है। समय पर पहचान, सही उपचार, आधुनिक चिकित्सा तकनीक और नियमित फॉलोअप से कई मरीज बेहतर जीवन जी रहे हैं। विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की कि शरीर में किसी भी असामान्य बदलाव, गांठ, लगातार वजन घटना, असामान्य रक्तस्राव, लंबे समय तक खांसी, मल या पेशाब में खून, आवाज में बदलाव या लगातार दर्द जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें।
डॉ. चंदन कुमार झा, डायरेक्टर – एंडोक्राइन एंड ब्रेस्ट सर्जरी और डॉ. अमरेन्द्र अमर, एसोसिएट डायरेक्टर – मेडिकल ऑन्कोलॉजी ने कहा कि कैंसर सर्वाइवर्स समाज के लिए उम्मीद, साहस और सकारात्मक सोच के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि समय पर जांच, सही उपचार योजना, आधुनिक दवाओं, टार्गेटेड थेरेपी, इम्यूनोथेरेपी और मल्टी-डिसिप्लिनरी अप्रोच के कारण आज कई कैंसर मरीज बेहतर और लंबा जीवन जी रहे हैं।
डॉ. अमित कुमार, एसोसिएट डायरेक्टर – हेमेटो ऑन्कोलॉजी और डॉ. संदीप कुमार, एसोसिएट डायरेक्टर – सर्जिकल ऑन्कोलॉजी ने कहा कि कैंसर उपचार में सही समय पर पहचान, विशेषज्ञ परामर्श और समय पर उपचार की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि ब्लड कैंसर से लेकर जटिल सर्जिकल कैंसर मामलों तक, आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञ टीम के सहयोग से बेहतर उपचार परिणाम संभव हो रहे हैं।
डॉ. माला सिन्हा, कंसल्टेंट – गायने ऑन्कोलॉजी ने कहा कि महिलाओं में होने वाले कैंसर को लेकर जागरूकता बढ़ाना बेहद जरूरी है। अनियमित रक्तस्राव, मेनोपॉज के बाद ब्लीडिंग, पेट में लगातार सूजन या दर्द जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और समय पर विशेषज्ञ डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
कार्यक्रम में उपस्थित कैंसर विजेताओं ने एक-दूसरे से संवाद किया और अपने अनुभव साझा किए। इस इंटरैक्टिव सत्र ने न केवल उपचार प्राप्त कर चुके मरीजों को सम्मानित किया, बल्कि वर्तमान में उपचार ले रहे मरीजों और उनके परिजनों के लिए भी उम्मीद और सकारात्मकता का संदेश दिया।
जय प्रभा मेदांता सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, पटना की ओर से कहा गया कि कैंसर सर्वाइवर्स दिवस ऐसे सभी मरीजों के साहस, धैर्य और विश्वास को सम्मान देने का अवसर है, जिन्होंने बीमारी से लड़कर जीवन की ओर मजबूत वापसी की है। अस्पताल कैंसर के समय पर निदान, आधुनिक उपचार, मल्टी-डिसिप्लिनरी केयर और मरीज-केंद्रित सहयोग के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.