राज्य की ग्राम पंचायतों में आधार सेवा केंद्र खोलने की तैयारी, प्रथम चरण में 15 अप्रैल 2026 तक 2000 ग्राम पंचायतों में आधार सेवा केन्द्र खोलने का है लक्ष्य





आज दिनांक 08 अप्रैल 2026 श्री नवीन कुमार सिंह, निदेशक, पंचायती राज विभाग, बिहार की अध्यक्षता में विभाग द्वारा क्रियान्वित योजनाओं की प्रगति हेतु उत्तर बिहार के 21 जिलों (पूर्वी चंपारण, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, गोपालगंज, अररिया, पश्चिम चंपारण, सुपौल, वैशाली, बेगूसराय, मधेपुरा, मधुबनी, कटिहार, पूर्णिया, सारण, सिवान, खगड़िया, सहरसा, शिवहर, किशनगंज और सीतामढ़ी) के उप-विकास आयुक्त, जिला पंचायत राज पदाधिकारी तथा जिला परिषद के अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षात्मक बैठक आहूत की गई।

बैठक में निदेशक, पंचायती राज विभाग, बिहार ने कहा कि राज्य के सभी ग्राम पंचायतों में आधार सेवा केंद्र खोलने की दिशा में विभाग तेजी से कार्य कर रहा है। प्रथम चरण में राज्य की 2000 ग्राम पंचायतों में आधार सेवा केन्द्र खोलने का लक्ष्य विभाग द्वारा निर्धारित किया गया है। 15 अप्रैल 2026 तक सारी प्रक्रिया पूर्ण कर चयनित ग्राम पंचायतों में अनिवार्य रूप से आधार सेवा केंद्र आरंभ करने हेतु निदेशक, पंचायती राज विभाग, बिहार द्वारा पदाधिकारियों को निदेशित किया गया।





प्रदत्त राशि का उपयोगिता प्रमाण पत्र समर्पित करने के लिए विभाग द्वारा विकसित ई-पंचायत बिहार पोर्टल पर यू सी मॉड्यूल की सुविधा उपलब्ध करा दी गई है। प्रशिक्षण के उपरांत पोर्टल के माध्यम से यू सी समर्पित करना सुनिश्चित करने हेतु निदेशक, पंचायती राज विभाग, बिहार द्वारा पदाधिकारियों को निदेशित किया गया।

माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार द्वारा घोषित सबका सम्मान - जीवन आसान के तहत दिनांक 01 अप्रैल 2026 से राज्य की ग्राम पंचायतों में अवस्थित मोक्षधाम/कब्रिस्तान में अंत्येष्टि के उपरांत मृतक के परिजनों को 24 घंटें के अंदर मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करने का निदेश विभाग द्वारा निर्गत है। निदेशक, पंचायती राज विभाग, बिहार द्वारा ग्राम पंचायतों में अवस्थित मोक्षधाम/ कब्रिस्तान में अंत्येष्टि के उपरांत 24 घंटे में निर्गत मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करने की समीक्षा करते हुए विभाग को शीघ्र प्रतिवेदन समर्पित करने के लिए पदाधिकारियों को निदेशित किया गया है। साथ ही ग्राम पंचायतों में अवस्थित मोक्षधाम/कब्रिस्तान में हो रही अंत्येष्टि तथा 24 घंटे के अंदर मृत्यु प्रमाण पत्रों की संख्या की नियमित रूप से समीक्षा कर विभाग को प्रतिवेदित करने हेतु निदेशक, पंचायती राज विभाग, बिहार ने पदाधिकारियों को निदेशित किया।

मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाईट योजना के तहत इन 21 जिलों की ग्राम पंचायतों में 6, 67, 917 सोलर स्ट्रीट लाइट्स का अधिष्ठापन किया जा चुका है। जिन जिलों में 31 मार्च 2026 तक शत प्रतिशत अधिष्ठापन का लक्ष्य प्राप्त नहीं हो पाया है, वहां समीक्षा कर जवाबदेह एजेंसी पर अनुबंध के अनुसार कार्रवाई करने हेतु भी निदेशक, पंचायती राज विभाग, बिहार ने पदाधिकारियों को निदेशित किया।

आहूत समीक्षात्मक बैठक में श्री नज़र हुसैन, अपर सचिव, पंचायती राज विभाग, श्री ललित राही, विशेष कार्य पदाधिकारी, पंचायती राज विभाग सहित विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ