बिहार के छपरा शहर के हथुआ मार्केट में भीषड़ आग लगने की खबर है. बाजार की कई कपड़ा की दुकानें भी इस आग की चपेट में आ गई हैं. आग को काबू करने के लिए दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं.इस बिजी हथुआ मार्केट में रात करीब 10 बजे अचानक भीषण आग लग गई. एक कपड़े की दुकान से शुरू हुई आग कुछ ही देर में विकराल रूप लेते हुए आसपास की पांच से छह दुकानों तक फैल गई. घटना के बाद मार्केट में अफरातफरी मच गई. दुकानदारों और ग्राहकों में दहशत फैल गई. सब अपने नुकसान को लेकर चिंतित दिखे.
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगते ही दुकानों से धुआं और लपटें निकलने लगीं. कई दुकानदारों ने आनन-फानन में अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए और सामान निकालने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण अधिकांश सामान सुरक्षित नहीं किया जा सका.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हथुआ मार्केट में पीएनबी के पास स्थित इंगल मार्ट, छपरा ड्रीम रेस्टोरेंट के पास राधे-राधे कपड़ा दुकान सहित कई दुकानों में आग फैल गई. थोड़ी ही देर में आग ने आसपास के एरिया को भी अपनी जद में ले लिया. स्थानीय दुकानदारों और लोगों ने नगर थाना पुलिस और दमकल विभाग को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष संजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने तत्काल भीड़ को नियंत्रित किया और इलाके की घेराबंदी कर उसे सुरक्षित कराया. इलाके में दुकानदारों, उनके परिजनों और अन्य स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. सब इधर-उधर भागते-परेशान होते दिखे. आग की भयावहता को देखते हुए पुलिस ने दुकानदारों को दुकानों के पास जाने से रोका. इससे बड़ा खतरा कभी भी हो सकता है.
आग पर काबू पाने के लिए फिलहाल फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां लगी हैं. दमकलकर्मी आग बुझाने में जुटे हैं. दुकानों में कपड़े और इसी तरह के अन्य चीज होने के कारण आग तेजी से फैल भी रही है. घटना की सूचना मिलते ही एएसपी राम पुकार सिंह और सदर एसडीओ नीलेश कुमार भी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने आग की स्थिति का जायजा लिया और दमकलकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
बताया जा रहा है कि होली और ईद को लेकर हाल ही में कई दुकानों में नया माल आया हुआ था. इस कारण नुकसान का आंकड़ा बहुत ज्यादा है. लाखों-करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है. जिन दुकानों को आग ने पूरी तरह राख और खाक कर दिया उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं. आग लगने के कारणों की पुष्टि के लिए दमकल विभाग की रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. दमकल विभाग के कर्मियों ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है. सदर एसडीओ नीलेश कुमार ने मीडिया से बातचीत में बताया कि आग लगने की घटना में किसी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई है. प्रशासन नुकसान का आकलन कराएगा. इधर नुकसान देखकर पीड़ितों का रो-रोकर बुरा हाल है.

0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.