First Class g

विधानसभा एनडीए संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे घटक दलों के वरिष्ठ नेता, सभी ने कहा - हमारी जीत तय




  • राष्ट्रहित और जनसेवा एनडीए की पहचान: डॉ. दिलीप जायसवाल
  • सभी हाथों को काम देना एनडीए का लक्ष्य: डॉ. दिलीप जायसवाल
  • कार्यकर्ताओं की मेहनत रचेगी इतिहास: डॉ. दिलीप जायसवाल
  • बिहार को अब 'लालटेन' नहीं, बिजली और उद्योग चाहिए: विजय सिन्हा
  
पटना, 8 सितंबर। बिहार एनडीए द्वारा विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में आज आयोजित संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन में सभी पांचों घटक दलों के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। सभी नेताओं ने कार्यकर्ताओं में जोश और जुनून को देखते हुए एक स्वर में कहा कि हमारी जीत तय है।  
  
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का विधानसभा संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन आज सहरसा, लालगंज, मखदुमपुर, पीरपैंती, बेनीपट्टी सहित विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित किया गया।  
  
एनडीए विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने सहरसा में कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया, तो लालगंज में कृष्ण कुमार मन्टू और प्रेम रंजन पटेल, मखदुमपुर में उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा और अमरेंद्र प्रताप सिंह, पीरपैंती में इंजीनियर शैलेन्द्र और श्रेयसी सिंह, बेनीपट्टी में मंत्री मंगल पांडेय और रामकृपाल यादव तथा बायसी में मंत्री रेणु देवी और शाहनवाज हुसैन ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा।  
  
इसके अलावा तारकिशोर प्रसाद और मंत्री जनक राम बेलसंड में, पूर्व मंत्री अश्विनी चौबे और हरिभूषण ठाकुर शेरघाटी में, मिथिलेश तिवारी और प्रमोद चंद्रवंशी मनिहारी में तथा केदार गुप्ता और बलराम मंडल हसनपुर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लिया।  
  
सहरसा में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन का उद्घाटन भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता और अटूट विश्वास स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि आने वाले चुनाव में एनडीए सरकार भारी बहुमत के साथ पुनः सत्ता में आने वाली है।  
  
उन्होंने कहा कि एनडीए का लक्ष्य सभी युवकों को रोजगार और नौकरी देना है। इसके लिए न केवल बिहार में विभागों के रिक्त पदों को भरा जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तो समारोह आयोजित कर नियुक्ति पत्र बांटे जा रहे हैं। लगातार स्वरोजगार के लिए योजनाएं लाई जा रही हैं। हाल ही में महिलाओं को 10 हजार रुपये देने की घोषणा की गई है, जिस पर काम शुरू हो गया है।  
  
उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित और जनसेवा हमारी पहचान है। आज कई पार्टियां राष्ट्र के प्रतीक को भी तोड़ रही हैं, बिहारियों को अपमानित कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को उत्साहित करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से इस बार एनडीए बिहार में इतिहास रचने वाला है।  
  
भाजपा अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने कहा कि आज विपक्ष किसी भी तरह बिहार में फिर से जंगलराज लाने को लेकर तरह-तरह के सब्जबाग दिखा रहा है। उन्होंने कांग्रेस सहित राजद पर बिहारियों को अपमानित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि ये केवल बांटने की राजनीति करती हैं।  
  
इधर, मखदुमपुर में उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि बिहार को अब लालटेन नहीं, बिजली और उद्योग चाहिए। इथेनॉल कारखाने में लोगों को रोजगार मिल रहा है। कुछ लोग आज भी लालटेन लिए घूम रहे हैं। लेकिन, वे भूल रहे हैं कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को नया आयाम दिया है। न्याय के साथ विकास की गाड़ी तेजी से आगे बढ़ रही है।  
  
उन्होंने कहा कि बिहार में अभी विधानसभा चुनाव की घोषणा नहीं हुई है लेकिन कार्यकर्ताओं के उत्साह और जोश से अभी से ही प्रदेश में नारा गूंज रहा है, 'अबकी बार 225 पार'। उन्होंने कहा कि यह एनडीए के कार्यकर्ताओं की ताकत है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ