- डॉ. दिलीप जायसवाल ने बिहार भाजपा अध्यक्ष पद पर पूरे किए एक साल, प्रदेश कार्यालय में अभिनन्दन समारोह आयोजित
- बिहार भाजपा अध्यक्ष पद पर एक साल पूरे होने पर डॉ. दिलीप जायसवाल का प्रदेश कार्यालय में किया गया अभिनन्दन, स्वागत
- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कार्यकर्ताओं का जताया आभार
- संगठन ने कार्यकर्ताओं के परिश्रम से एक साल में कई उपलब्धियां हासिल की : डॉ. दिलीप जायसवाल
- कार्यकर्ताओं का सतत सहयोग एवं स्नेह ही मेरी सबसे बड़ी ऊर्जा : डॉ. दिलीप जायसवाल
पटना, 25 जुलाई। बिहार के पूर्व मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल भाजपा अध्यक्ष पद पर एक साल पूरे कर लिए। इस मौके पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में एक समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें उनका भव्य स्वागत और अभिनन्दन किया गया। इस समारोह में प्रदेश के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस समारोह में भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल का स्वागत किया गया और उनके कार्यकाल में संगठन की उपलब्धियों की चर्चा की गई। भाजपा अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने इस मौके पर प्रदेश पदाधिकारियों सहित कार्यकर्ताओं का आभार जताया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल के कार्यकाल में प्रदेश में सफलता पूर्वक सदस्यता अभियान चलाया गया, जिसके तहत रिकॉर्ड 60 लाख नए सदस्य और 1.50 लाख से ज्यादा सक्रिय सदस्य बनाए गए। इसके अलावा प्रदेश में संगठन की जिलों की संख्या बढ़ाकर 52 की गई। यही नहीं, मंडलों की संख्या भी 1137 से बढ़कर 1420 हो गई।
इस समारोह में भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि संगठन ने पिछले एक साल में कई उपलब्धियां हासिल की है। संगठन का बड़ा विस्तार हुआ है। उन्होंने इन सभी सफलताओं का श्रेय राजधानी से लेकर सुदूरवर्ती इलाकों में रहने वाले कार्यकर्ताओं को देते हुए कहा कि उनके बिना कोई भी कार्य सफल नहीं हो सकता।
उन्होंने कहा कि संगठन के किसी भी कार्य में कार्यकर्ताओं के अथक प्रयास और उनके परिश्रम जुड़ा होता है, जो हमें कामयाब बनाता है।
भाजपा अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं के संगठन के प्रति समर्पण और विश्वास जनसेवा के प्रति मेरी प्रतिबद्धता को और अधिक दृढ़ बनाते हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा, "कार्यकर्ताओं का सतत सहयोग एवं स्नेह ही मेरी सबसे बड़ी ऊर्जा है। आपका सुझाव और विश्वास न केवल मेरे जनप्रतिनिधि धर्म को प्रेरित करते हैं, बल्कि जनसेवा के प्रति मेरी प्रतिबद्धता को और भी मजबूत बनाते हैं।"
संगठन की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठनात्मक सशक्तिकरण की दिशा में लगातार बढ़ते रहना एक अहम विषय रहा है। संगठन की जड़ें जितनी मजबूत होंगी, जनसेवा उतनी ही प्रभावी होगी। उन्होंने इसके लिए संवाद, कार्ययोजना और जनसंपर्क को सबसे प्रमुख बताया.
आज इस समारोह में भाजपा बिहार के संगठन महामंत्री भिखू भाई दलसानिया, विधान पार्षद सह राष्ट्रीय सह मीडिया प्रभारी संजय मयूख, प्रदेश महामंत्री राधा मोहन शर्मा, राजेश वर्मा, महिला मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूजा कपिल, महिला नेत्री पिंकी कुशवाहा, सजल झा, मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल, मीडिया सह प्रभारी अमित प्रकाश बबलु सहित सैंकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता और प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे।