Header Ads Widget

पटना में शहीद बुद्ध नोनिया जन्म शताब्दी समारोह में पहुंचे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान



  • शहीद बुद्ध नोनिया जन्म शताब्दी समारोह का भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया उद्घाटन
  • शहीद बुद्ध नोनिया जन्म शताब्दी समारोह में बड़ी संख्या में जुटे नोनिया, बिंद, बेलदार समाज के लोग
  • पीएम मोदी के विकसित भारत के संकल्प में नोनिया समाज की बड़ी भूमिका होगी: शिवराज सिंह चौहान
  • बिहार भाजपा नोनिया समाज के साथ है और आगे भी रहेगा: डॉ. दिलीप जायसवाल
  • आने वाली पीढ़ियों को महापुरुषों के विषय में जरूर बताया जाना चाहिए: डॉ. दिलीप जायसवाल
  • मंत्री रेणु देवी ने पटना में शहीद बुद्ध नोनिया की प्रतिमा लगाए जाने की बिहार सरकार की घोषणा पर जताया आभार

पटना, 16 जून। बुद्ध नोनिया नामक सत्याग्रह मेमोरियल ट्रस्ट भवन के द्वारा आज पटना के बापू सभागार में शहीद बुद्ध नोनिया जन्म शताब्दी समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह का उद्घाटन केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और बिहार भाजपा के अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा भी उपस्थित रहे।





इस समारोह में प्रदेश के नोनिया, बिंद, बेलदार समाज के बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अपनी बात भी रखी।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस समारोह में आए लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बड़ी प्रसन्नता की बात है कि आज समारोह के दिन जातीय जनगणना का नोटिफिकेशन भी गृह मंत्रालय द्वारा जारी कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जो हमारे लिए है उनके लिए हम भी हैं।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि आज नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में देश और प्रदेश आगे बढ़ रहा हैं। पीएम मोदी ने जो विकसित भारत का संकल्प लिया है उसमें नोनिया समाज की बड़ी भूमिका होगी।




उन्होंने एक देश एक चुनाव की चर्चा करते हुए कहा कि सभी समाज के लोग तो आगे बढ़ेंगे ही जब एक बार देश में चुनाव होगा तो विकास की गति बिना बाधित हुए आगे बढ़ती रहेगी। लगातार चुनाव से विकास कार्य अवरुद्ध होते हैं।

इधर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि शहीद बुद्ध नोनिया भारतीय स्वतंत्रता सेनानी थे, जिन्होंने ब्रिटिश शासन के खिलाफ संघर्ष में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वे बिहार के बेगूसराय जिले के गढ़पुरा गाँव के निवासी थे। उन्होंने 1930 में गांधी जी के आह्वान पर ब्रिटिश कानून के खिलाफ नमक कानून तोड़ा, जो सीधे ब्रिटिश शासन को चुनौती थी और ब्रिटिश सरकार की जड़ें हिला दीं।

उन्होंने कहा कि शहीद बुद्ध नोनिया की मूर्ति पटना में लगेगी, इसकी घोषणा बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कर दी है। इस घोषणा के लिए उन्होंने बिहार सरकार का आभार जताया।

भाजपा अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने उपस्थित लोगों को भरोसा देते हुए कहा कि बिहार भाजपा नोनिया समाज के साथ है। उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार भाजपा प्रयासरत है और आगे भी रहेगी।

उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को महापुरुषों के विषय में जरूर बताना चाहिए, जिससे वे भी देश के महापुरुषों के कृतित्व को जान सकें।

इस मौके पर मंत्री रेणु देवी ने कहा कि नोनिया समुदाय पारंपरिक रूप से शोरा उत्पादन और व्यापार से जुड़ा था, जिससे उनकी आजीविका चलती थी। ब्रिटिश सरकार ने व्यापार पर पूर्ण एकाधिकार स्थापित कर लिया, जिससे तंग आकर नोनिया लोगों ने विद्रोह का मार्ग अपनाया।

उन्होंने कहा कि नोनिया, बिंद, बेलदार को एसटी में शामिल किया जाए तथा बुद्ध नोनिया के नाम पर राजकीय अवकाश घोषित किया जाना चाहिए। उन्होंने बुद्ध नोनिया की राजधानी पटना में एक आदमकद मूर्ति लगाए जाने की घोषणा के लिए सरकार का आभार जताया।

आज के कार्यक्रम में बिहार विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव, मंत्री प्रेम कुमार, केदार गुप्ता, उत्तर प्रदेश के मंत्री दारा सिंह चौहान, सांसद संजय जायसवाल, विवेक ठाकुर, संगीता बलवंत बिंद, विधायक संजीव चौरसिया, ब्रज बिंद, भरत बिंद, पटना मेयर सीता शाहू, नंद चौहान, संजय गुप्ता, रूप नारायण मेहता भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में मंच संचालन अशोक कुमार ने किया।