Header Ads Widget

आम आदमी पार्टी ने भाजपाई मंत्री गिरिराज सिंह पर झूठे मुकदमे और सांप्रदायिक रंग देने का आरोप लगाया



  

पटना: आम आदमी पार्टी (आप) बिहार के वरिष्ठ नेता आरटीएन मनोज कुमार ने एक प्रेस वार्ता के दौरान आरोप लगाया कि भाजपाई मंत्री और बेगूसराय लोकसभा सांसद श्री गिरिराज सिंह ने पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष मो सैफी पर झूठा मुकदमा दर्ज कराया है। मनोज कुमार ने आरोप लगाया कि मो सैफी ने बिहार में रोजाना गिर रहे पुलों और उससे हो रही मौतों पर सवाल उठाए थे, जिसके बाद मंत्री गिरिराज सिंह ने अपने समर्थकों से मो सैफी और आप कार्यकर्ताओं पर हमला करवाया और फिर झूठा मुकदमा दर्ज करवा दिया। इस घटना को लेकर आम आदमी पार्टी ने पटना हाईकोर्ट में कानूनी कार्रवाई करने का निर्णय लिया है।

आम आदमी पार्टी बिहार ने राज्य में गिर रहे पुलों और पुलियों के कारण हो रही मौतों और आर्थिक नुकसान के मुद्दे पर अपनी चिंता व्यक्त की है। पार्टी के वरिष्ठ नेता आरटीएन मनोज कुमार ने पटना में आयोजित एक प्रेस वार्ता में भाजपा मंत्री और बेगूसराय लोकसभा सांसद गिरिराज सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। 

मनोज कुमार ने बताया कि आम आदमी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष मो सैफी ने जनता दरबार के दौरान बिहार में हो रही दुर्घटनाओं पर सवाल उठाए थे, जिससे भाजपा सांसद गिरिराज सिंह नाराज हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री ने जातिसूचक अपशब्दों का प्रयोग करते हुए अपने समर्थकों को मो सैफी और अन्य आप कार्यकर्ताओं पर हमला करने के लिए उकसाया। इसके बाद, मंत्री पद का दुरुपयोग करते हुए मो सैफी और आप कार्यकर्ताओं पर झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया और इस मामले को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की गई।

प्रेस वार्ता के दौरान जोनल प्रभारी डॉ. शशिकांत ने कहा कि मो सैफी बेगूसराय के एक ईमानदार और जमीनी कार्यकर्ता हैं, जो लगातार स्थानीय समस्याओं को उठाते रहे हैं। वे बलिया नगर परिषद के पार्षद भी चुने गए हैं। उन्होंने बताया कि सैफी और उनके साथी जनता दरबार में बेगूसराय में पुल गिरने से हुई मौतों का हिसाब मांगने गए थे, जो सांसद गिरिराज सिंह को नागवार गुजरा।

दिल्ली से बिहार प्रदेश चुनाव प्रभारी विधायक अजेश यादव ने बयान जारी करते हुए इस घटना की कड़ी निंदा की और कहा कि आम आदमी पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व इस प्रकार की घटनाओं का कड़ा विरोध करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि पार्टी इस मुद्दे पर कानूनन लड़ाई लड़ेगी और भाजपा मंत्री गिरिराज सिंह से सार्वजनिक माफी की मांग करेगी। 

प्रदेश सह प्रभारी अभिनव रॉय ने भी इस घटना को लेकर बयान जारी किया और कहा कि भाजपा का काम हिंदू-मुसलमान के बीच विवाद उत्पन्न करना है, और आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं पर से झूठा मुकदमा वापस लेने तक राज्य के हर जिले में विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

प्रेस वार्ता में पटना पूर्वी और पश्चिमी के जिला प्रभारी विधा भूषण शर्मा और सुनील यादव भी उपस्थित थे। आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट किया है कि वे इस मुद्दे पर न्याय के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।