Header Ads Widget

बिहार भाजपा के नेताओं ने लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न दिये जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जताया आभार




पटना, 3 फरवरी। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और सभी भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को देश के सर्वोच्च पुरस्कार 'भारत रत्न' से सम्मानित किए जाने की घोषणा पर बिहार भाजपा के नेताओं में खुशी की लहर है। उन्होंने खुशी जताते हुए श्री आडवाणी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। साथ ही बिहार भाजपा के नेताओं ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति भी आभार जताया है और उन्हें धन्यवाद भी दिया है।

विधान पार्षद अनिल शर्मा ने कहा कि आज अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बन गया है। राम मंदिर के बन जाने से आज पूरे देश में लोग उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि राम आंदोलन में पूर्व उपप्रधानमंत्री आडवाणी जी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने इसके लिए देश में पदयात्रा भी निकाली थी।

प्रदेश उपाध्यक्ष संजय खंडेलिया ने प्रसन्नता जताते हुए कहा कि पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न दिया जाना देश के लिए गर्व की बात है। इससे भारतीय जनता पार्टी भी काफी गौरवान्वित हुई है। भाजपा को मजबूत करने में आडवाणी जी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उपप्रधानमंत्री के पद पर रहते हुए आडवाणी जी ने अपने कार्यों से देश को भी मजबूत करने का काम किया था। 




प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष पाठक ने कहा कि पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को देश के सर्वोच्च पुरस्कार 'भारत रत्न' के नवाजे जाने की घोषणा किये जाने से आज भाजपा का हर नेता और कार्यकर्ता काफी प्रसन्न है और यह हमलोगों के लिए गर्व की बात है। कुछ दिन ही पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की केंद्र सरकार ने सामाजिक न्याय के पुरोधा जननायक कर्पूरी ठाकुर को 'भारत रत्न' देने की घोषणा कर पिछड़ा — अतिपिछड़ा समाज को सम्मान देने का काम किया था। दूसरी ओर, प्रदेश महामंत्री शिवेश राम ने भी पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को 'भारत रत्न दिये जाने पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह भाजपा के साथ ही पूरे देश के लिए गौरव का क्षण है। 

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को 'भारत रत्न' दिये जाने पर बिहार भाजपा के प्रदेश महामंत्री मिथिलेश तिवारी, राजेश वर्मा, ललन मंडल और जगन्नाथ ठाकुर, प्रदेश मंत्री रत्नेश कुशवाहा और त्रिविक्रम सिंह, मुख्यालय प्रभारी अरविंद शर्मा,पूर्व विधायक मनोज शर्मा तथा मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल ने भी प्रसन्नता जतायी है।