पटना, 29 दिसंबर 2023 । भाजपा वाणिज्य प्रकोष्ठ, बिहार प्रदेश के द्वारा शुक्रवार को नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारी एवं जिला संयोजकों का सम्मान समारोह भाजपा प्रदेश कार्यालय के कैलाशपति मिश्र सभागार में आयोजित किया गया।
इस सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि वाणिज्य प्रकोष्ठ की संगठन में अहम भूमिका है। उन्होंने वाणिज्य प्रकोष्ठ को मजबूत करने के लिए जिला एवं प्रखंड स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने हेतु संकल्प को दोहराया।
श्री चौधरी ने कहा कि अब देश बदल रहा है, लेकिन देश के साथ हमे बिहार को भी बदलना होगा। आज वर्तमान सरकार में जो माफियाओं और अपराधियों का बोलबाला शुरू है, उससे सबसे अधिक परेशानी व्यवसाई वर्ग को ही उठाना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा बिहार में 40 में से 40 सीटें जीतेगी, जिसमें वाणिज्य प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका रहेगी।
इस सम्मान समारोह की अध्यक्षता वाणिज्य प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक प्रो. डॉ. जगन्नाथ प्रसाद गुप्ता ने किया। उन्होंने भरोसा जताया कि संगठन को सुदृढ़ बनाने के लिए शहर के हर कस्बे में जाकर भाजपा की जो उपलब्धियां है, उसे व्यवसायियों के बीच बताने का कार्य किया जाएगा।
आगामी लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव में भाजपा को पूर्ण बहुमत से जिताने के लिए अभी से ही वाणिज्य प्रकोष्ठ के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता को जी-जान से लगने के लिए उन्होंने आह्वान किया।
इस समारोह को संगठन महामंत्री भिखू भाई दलसानिया तथा प्रदेश प्रभारी योगेंद्र शर्मा ने भी संबोधित किया।
इस मौके पर महेश पंसारी, नितिन कुमार रिंकू, राजेश्वर प्रसाद राजेश, पवन जायसवाल, इंद्रभान सिंह, कृष्णा राजगढ़िया, संजीव कुमार पाल एवं मुरारी सिंह चंद्रवंशी भी उपस्थित रहे।