मधुबनी से आशीष झा की रिपोर्ट :
कुलपति एलएनएमयू के आदेश पर कुलसचिव डॉ. मुश्ताक अहमद ने देवनारायण यादव महाविद्यालय मधुबनी में तदर्थ कमेटी का गठन किया है। इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसकी सूचना पत्र प्रेषित कर कमेटी के सभी संबद्ध सदस्यों को दे दी गई है। इसी के साथ उक्त महाविद्यालय की जीबी के गठन में विगत चार महीने से जारी गतिरोध समाप्त हो गया है। अब महाविद्यालय के कर्मचारियों के लंबित वेतन व अनुदान भुगतान का मार्ग प्रशस्त हो गया है। इस बाबत कालेज- कर्मियों में प्रसन्नता व्याप्त है। कालेज कर्मियों ने कुलपति व कुलसचिव के प्रति आभार प्रकट किया है। राजनीति विज्ञान पीजी दरभंगा के प्राध्यापक डॉ. मुनेश्वर यादव को कमेटी का सचिव व लौकहा के विधायक भारत भूषण मंडल को कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है। सदर एसडीओ अश्विनी कुमार व सीएम साइंस कालेज दरभंगा के प्राचार्य डॉ. दिलीप चौधरी कमेटी के सदस्य बनाये गये हैं। 8 दिसंबर 2022 को जारी इस अधिसूचना में माननीय उच्च न्यायालय के एक फैसले का जिक्र किया गया है, जिसमें नवगठित तदर्थ कमेटी को वर्तमान प्रभारी प्रधानाचार्य की जगह कालेज के ऐसे सबसे वरिष्ठ शिक्षक को प्रभारी प्रधानाचार्य बनाने के निर्देश दिए गए हैं, जिस पर कोई अभियोग पेंडिंग नहीं है। इसके अतिरिक्त एजी बिहार द्वारा समर्पित ऑडिट रिपोर्ट में पाई गई अनियमितता के विरूद्ध कार्रवाई करने के भी निर्देश कमेटी को दिए गए हैं।

0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.