बोर्ड में पांचवां स्थान पाकर निरंजन कुमार सिंह ने किया जिले का नाम रोशन, डॉक्टर बनने की है इच्छा



मधुबनी से आशीष झा / लदनियां से हरिश्चन्द्र यादव की रिपोर्ट

मधुबनी जिला स्थित लदनियां प्रखंड के न्यू अपग्रेड हाई स्कूल सिधप परसाही में पढ़नेवाले निरंजन कुमार सिंह ने बोर्ड की मैट्रिक परीक्षा में पांचवां स्थान प्राप्त कर लदनियां प्रखंड का नाम रोशन किया है। उसकी इस सफलता से न सिर्फ उनके मातापिता, परिजन व समाज बल्कि उनके गुरुजन एवं स्कूल परिवार गौरवान्वित है। परीक्षा फल प्रकाशित होते ही उसके ननिहाल सिधप व पैतृक गांव बेला, बाबूवरही में खुशी व्याप्त है। लोग उसके परिश्रम और परिवार के लोगों के त्याग की सराहना कर रहे हैं। उनके घर पहुंचकर शुभकामना देते हुए लोग उनके उज्जवल भविष्य की कामना कर रहे हैं। निरंजन कुमार सिंह ने 480 अंक लाकर मधुबनी जिले में पहला स्थान प्राप्त किया है। उसने अपनी सफलता श्रेय सतत स्वाध्याय, गुरुजन के आशीर्वाद, परिजनों के सहयोग व मां शारदे कोचिंग सेन्टर के शिक्षक प्रमोद कुमार सिंह, अशोक कुमार पूर्वे व ब्रह्मदेव सिंह को दिया है। उनकी इच्छा आगे की पढ़ाई कर डॉक्टर बनने की है। हरियाणा गुरुग्राम के एक कपड़ा उद्योग में काम करनेवाले बाबूवरही प्रखंड के बेला गांव निवासी धनिकलाल सिंह के पुत्र निरंजन कुमार सिंह ने अपने मामा लदनियां प्रखंड के सिधपा निवासी अरुण सिंह के यहां रहकर पढ़ाई की है। वह अपने मातापिता की दूसरी संतान है। बड़ी बहन डॉक्टर बनने की तैयारी कर रही है। छोटी मिडिल स्कूल की छात्रा है। विदित हो कि 2014 में इस मध्यविद्यालय को हाई स्कूल में उत्कमित किया गया। तब से छात्र इसमें नामांकित होकर अच्छे अंकों में पास करते रहे हैं। लेकिन अभी तक सरकार ने शिक्षकों की बहाली नहीं की है। शिक्षकविहीन इस स्कूल के छात्र अगल-बगल के कोचिंग में पढ़ाई पूरी करते हैं। वर्ष 2019 में इस स्कूल के छात्र रामकुमार सिंह को बोर्ड में नौवां व रामकुमार पासवान को जिले में दूसरा स्थान मिला था। लोगों ने इस बच्चे के साथ उक्त कोचिंग सेन्टर के शिक्षकों को भी बधाई दी है। स्कूल की एचएम सुदामा देवी ने कहा कि शिक्षकों की मांग विभाग से की जाती रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ