निर्माणाधीन स्टेडियम को पूर्ण करने के सवाल पर खाजेडीह के युवकों ने किया मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला दहन

 


मधुबनी - लदनियां से हरिश्चन्द्र यादव की रिपोर्ट

मधुबनी जिले के लदनियां प्रखंड स्थित खाजेडीह हाई स्कूल के मैदान में दस वर्षों से लंबित स्टेडियम को पूर्ण करने के सवाल पर युवकों ने स्टेडियम परिसर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला दहन किया। निर्माणाधीन इस स्टेडियम का शिलान्यास 2 मार्च 2010 को तत्कालीन विधायक कपिलदेव कामत ने समारोहपूर्वक किया था। शिलान्यास के बाद 29 . 14 लाख की प्राक्कलित राशि से निर्माण की शुरुआत की गई, जिसमें स्टेडियम की चहारदीवारी भी नहीं बन सकी थी। स्टेडियम को इसी हाल में छोड़कर संवेदक चला गया। पुनः तीन वर्षों के बाद लोजपा नेता विष्णुदेव भंडारी की पहल पर बिहार सरकार के खेल व संस्कृति विभाग से 20 . 76 लाख की राशि आवंटित की गई। कार्यकारी एजेंसी स्थानीय क्षेत्र विकास अभियंत्रण संगठन मधुबनी - 1 की देखरेख में संवेदक ने मात्र एक तरफ गैलरी व दो कमरे का निर्माण प्रारंभ किया, जिसे आजतक पूरा नहीं किया जा सका।


स्कूल की पांच एकड़ जमीन स्टेडियम के नाम पर फंसी पड़ी है। स्टेडियम के कारण स्कूल परिसर की शोभा बढ़ाने वाले एक विशाल आम के पेड़ को काट देना पड़ा था। सम्प्रति स्टेडियम के नाम पर दी गई जमीन बेकार साबित हो रही है। अपूर्ण दीवारें टूटती चली जा रही है। इस कारण युवकों में आक्रोश है। आक्रोशित युवकों ने मुख्यमंत्री मुर्दाबाद के नारे लगाये। युवकों ने कहा कि युवकों की रूचि खेल में बढ़ी है। यहां के युवक स्टेडियम की जरूरत महसूसने लगे हैं। इस कार्यक्रम में रूदल कामत, रौशन कामत, रामकुमार कामत, शंकर कामत, भोगन कामत, नागेन्द्र चौधरी, अखिलेश कुमार, विक्रम कामत, चन्द्रशेखर कामत समेत दर्जनों युवक शामिल थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ