बुधवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी नंदकिशोर राम ने जिले के घाट कुसुंभा प्रखंड अन्तर्गत गगौर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय केवट टोला , मध्य विद्यालय और उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गगौर का औचक निरीक्षण किया। वे दोपहर बाद लगभग ढाई बजे तीनों स्कूलों में पहुंचे। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय में एक शिक्षक नवनीत कुमार उपस्थित मिले। जबकि एक अन्य शिक्षक अवकाश पर थे।
जबकि मध्य विद्यालय और उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में ताला लटका पाया गया। स्कूल बन्द मिला और सभी शिक्षक ड्यूटी से बिना सूचना के गायब मिले। स्कूलों में ताला बन्द रहने पर डी ई ओ ने उसे गम्भीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि दोनों स्कूलों के एच एम सहित अन्य शिक्षकों का वेतन बन्द कर उन्हें नोटिस भेजकर जबाव तलब किया जा रहा है। नोटिस का जवाब संतोषजनक न मिलने पर दोषियों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.