मधुबनी- लदनियां से हरिश्चन्द्र यादव की रिपोर्ट
मधुबनी जिले के लदनियां प्रखंड की खोजा पंचायत के उपमुखिया व वार्ड संख्या चार के सदस्य दिनेश पंडित द्वारा तकनीकी सहायक ममता कुमारी के विरुद्ध लगाये गये रिश्वत लेने के आरोप को पदाधिकारियों ने गंभीरता से लिया है।
बीपीआरओ नरेन्द्र प्रसाद के द्वारा पदाधिकारियों को समर्पित प्रतिवेदन से इसका खुलासा हुआ है। डीएम मधुबनी समेत संबंधित अन्य पदाधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई है।
पदाधिकारियों को प्रेषित प्रतिवेदन के अनुसार तकनीकी सहायक ममता कुमारी के जिम्मे खोजा, गिधवास, महथा व डलोखर पंचायत हैंं। रिश्वत लेने का मामला खोजा पंचायत की वार्ड संख्या चार की योजना संख्या 2/ 2019- 20 से संबंधित है।
नलजल की इस योजना से संबंधित एमबी तैयार करने के नाम पर 70 हजार रुपये रिश्वत लेने के सम्बंध में वार्ड सदस्य सह उपमुखिया श्री पंडित ने 12 दिसंबर 2020 को बीडीओ से लिखित शिकायत की थी। बीडीओ अखिलेश्वर कुमार ने शिकायती आवेदन की गंभीरता को देखते हुए प्रखंड बीपीआरओ श्री प्रसाद को उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया था।
बीपीआरओ ने बीडीओ श्री कुमार के निर्देशानुसार 14 दिसंबर 2020 को टी.ए. ममता कुमारी से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा था।
स्पष्टीकरण के जवाब में कहा गया है कि शिकायतकर्ता श्री पंडित उनपर गलत आरोप लगाकर दबाव बनाना चाहते हैं। उनके अनुसार वहां की कई योजनाए अपूर्ण है। वार्ड क्रियान्वयन एवं प्रबंधन समिति इन अपूर्ण योजनाओं को पूर्ण दिखाकर मापी पुस्तिका तैयार करने के लिए गलत तरीके अपना रहे हैंं।
इधर बीडीओ श्री कुमार ने बताया कि मामला अतिगंभीर है। मामला का संबंध नलजल योजना से है। उपमुखिया श्री पंडित का आरोप है कि तकनीकी सहायक ने एमबी तैयार करने के नाम पर अलग -अलग तिथियों में उनसे कुल 70 हजार रुपये लिए। वे सच्चाई तक पहुंचने का प्रयास अपने स्तर से भी कर रहे हैं।
जांच पदाधिकारी बीपीआरओ श्री प्रसाद का कहना है कि तकनीकी सहायक ममता कुमारी के नाम आवंटित चार पंचायतों में से एक भी नलजल योजना से संबंधित एमबी तैयार नहीं है।
इधर आरोप के संबंध में पूछे जाने पर तकनीकी सहायक ममता कुमारी ने कहा कि इस संबंध में उन्हें कुछ भी नहीं कहना है।

0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.