Header Ads Widget

अभिनेता ऋषि कपूर का निधन

बॉलीवुड को लगातार दूसरे दिन बड़ा धक्का लगा जब जाने माने अभिनेता ऋषि कपूर का गुरूवार को निधन हो गया। तबीयत खराब होने के बाद उन्हें बुधवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन आज उनका निधन हो गया।

इरफान खान की मौत से अभी बॉलीवुड उभरा भी नहीं था कि बॉलीवुड के मशहूर  एक्टर ऋषि कपूर ने भी इस दुनिया को अलविदा कह दिया। अमिताभ बच्चन ने अपने ऑफिशियल  ट्विटर हैंडल पर ट्वीट कर के इस बारे में जानकारी दी है। बिग बी ने ट्वीट करते हुए लिखा – ”वो चले गए। ऋषि कपूर चले गए। मैं खत्म हो गया हूं !”

ऋषि की बुधवार को तबीयत अचानक ज्यादा खराब हो गई जिसके बाद उन्हें अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। उनका इलाज़ मुंबई के एचएन रिलायंस अस्पताल में चल रहा था। इसी हॉस्पिटल में उन्होंने आखिरी सांस ली।
उनका जन्म 4 सितम्बर, 1952 को हुआ। उनकी पहली फिल्म ”बॉबी” थी जबकि उससे पहले उन्होंने ”मेरा नाम जोकर” में अपने पिता राज कपूर के बचपन का किरदार निभाया था। मेरा नाम जोकर भी ऋषि की पहली फिल्म नहीं थी। इससे पहले वह ”श्री 420” में छोटे बच्चे के रूप में नजर आ चुके थे, जिसकी शूटिंग के लिए नरगिस को ऋषि को बहुत सी चॉकलेट देकर मनाना पड़ा था। बालक ऋषि फिल्म के गाने ‘प्यार हुआ इकरार हुआ’ में भाई रणधीर कपूर और रीमा के साथ पैदल चलते नजर आते हैं।

 राज कपूर ने ऋषि कपूर को लांच करने के लिए ”बॉबी” बनाई थी।

”बॉबी” की जबरदस्त सफलता के बाद ऋषि 90 से ज्यादा फिल्मों में रोमांटिक रोल करते नजर आए। नीतू कपूर के साथ ऋषि की जोड़ी को बेहद पसंद किया गया। खासतौर पर युवा इस जोड़ी के दीवाने थे। दोनों ने कई फिल्में की और अधिकांश सफल रही। साल 2012 में आई फिल्म ”अग्निपथ” में ऋषि ने विलेन की भूमिका निभाई। वे खोज में भी नकारात्मक किरदार निभा चुके थे।

उनके निधन पर बॉलीवुड ने गहरा अफ़सोस जताया है।