सैयद आसिफ़ इमाम काकवी
अज़ीमाबाद (पटना) : तारीख़ के कुछ मंज़र सिर्फ़ आंखों से देखने के लिए नहीं होते, बल्कि वे दिल और दिमाग़ पर ऐसे नक़्श छोड़ जाते हैं, जिनकी गूंज आने वाली नस्लों तक सुनाई देती है। 11 नवंबर 2026, बुधवार का दिन अज़ीमाबाद की तारीख़ में एक ऐसे ही यादगार मंज़र का गवाह बना। अज़ीमाबाद, जिसे आज हम सब पटना के नाम से जानते हैं, के ऐतिहासिक गांधी मैदान के क़रीब वाक़े बापू सभागार का विशाल ऑडिटोरियम इल्म, दीन, इत्तेहाद, भाईचारे और मिल्ली बेदारी के जज़्बे से सराबोर नज़र आया। इमारत-ए-शरिया बिहार, ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल के ज़ेरे-एहतिमाम आयोजित अज़ीमुश्शान मदारिस-ए-इस्लामिया कन्वेंशन महज़ एक जलसा नहीं, बल्कि मदरसों की बक़ा, तहफ़्फ़ुज़, ख़ुदमुख़्तारी, दीनी पहचान और नई नस्ल के इल्मी व अख़लाक़ी मुस्तक़बिल के हवाले से एक अहम सामूहिक आवाज़ बनकर सामने आया। इस ऐतिहासिक कन्वेंशन की सदारत मुफ़क्किर-ए-मिल्लत, अमीर-ए-शरीअत हज़रत मौलाना सैयद अहमद वली फ़ैसल रहमानी साहब दामत बरकातुहुमुल आलिया ने फ़रमाई।
इस मौक़े पर चारों राज्यों से ताल्लुक़ रखने वाले उलमा-ए-किराम, मशाइख़-ए-इज़ाम, ज़िम्मेदारान-ए-मदारिस, दानिश्वरान, समाजी शख़्सियतों और आम लोगों की बड़ी तादाद ने शिरकत की। सुबह से ही बापू सभागार की तरफ़ लोगों की आमद का सिलसिला जारी था। बिहार के मुख़्तलिफ़ ज़िलों के अलावा झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल से पहुंचे लोगों की मौजूदगी ने इस इज्तिमा को एक वसीअ और यादगार शक्ल अता की। सभागार का पुरजोश माहौल, उलमा की मौजूदगी, मदरसों के ज़िम्मेदारों की फ़िक्र और अवाम का जज़्बा इस बात की गवाही दे रहा था कि मदरिस-ए-इस्लामिया का मामला महज़ कुछ इदारों तक महदूद नहीं, बल्कि यह इल्म, तहज़ीब, दीनी विरासत और आने वाली नस्लों की तरबियत से जुड़ा हुआ एक अहम सामूहिक मामला है।
मदरिस-ए-इस्लामिया हमारी दीनी और तहज़ीबी तारीख़ का वह रौशन बाब हैं, जिन्होंने सीमित वसाइल के बावजूद इल्म की शमा को हमेशा रौशन रखा। इन इदारों ने नस्लों को क़ुरआन-ओ-हदीस की तालीम दी, अख़लाक़ व किरदार की तरबियत की और इंसानियत, भाईचारे, मोहब्बत, रवादारी तथा ख़िदमत-ए-ख़ल्क़ का पैग़ाम आम किया। मदरसों की ख़िदमात को सिर्फ़ इमारतों और तलबा की तादाद के पैमाने से नहीं नापा जा सकता, बल्कि उनकी असल पहचान वह इल्मी, अख़लाक़ी और रूहानी सरमाया है, जो उन्होंने समाज को अता किया है। आज के बदलते हुए हालात में मदरसों को मुख़्तलिफ़ किस्म के तालीमी, इंतिज़ामी, क़ानूनी और समाजी चैलेंज का सामना है। ऐसे में ज़रूरी है कि मदरसों के ज़िम्मेदारान वक़्त की ज़रूरत को समझें, तालीमी मेयार को बेहतर बनाएं, नए दौर के तक़ाज़ों से हमआहंगी पैदा करें और अपनी दीनी व इल्मी पहचान को बरक़रार रखते हुए नई नस्ल को इल्म और हुनर से आरास्ता करें। तहफ़्फ़ुज़-ए-मदारिस का मतलब सिर्फ़ इमारतों की हिफ़ाज़त नहीं, बल्कि उनके तालीमी मिशन, इल्मी वक़ार, फ़िक्री आज़ादी और तरबियती निज़ाम को मज़बूत बनाना भी है।
इस कन्वेंशन की एक अहम ख़ूबी यह भी रही कि इसने चार राज्यों के उलमा, मशाइख़, मदरसों के ज़िम्मेदारान और मिल्ली शख़्सियतों को एक साझा प्लेटफॉर्म पर जमा किया। इख़्तिलाफ़ात से ऊपर उठकर सामूहिक मसाइल पर ग़ौर-ओ-फ़िक्र, बाहमी मशविरा और मुश्तरका लाएहा-ए-अमल तैयार करना ही किसी भी मिल्लत की असल ताक़त होती है। जब इल्म के चराग़ रौशन करने वाले एक जगह जमा होते हैं, तो उनकी गुफ़्तगू सिर्फ़ आज के मसाइल तक महदूद नहीं रहती, बल्कि आने वाले कल की सिम्त भी तय करती है।इमारत-ए-शरिया का यह एहतिमाम इस एहसास को भी ताज़ा करता है कि मिल्लत की तामीर सिर्फ़ जज़्बाती नारों से नहीं, बल्कि इल्म, इत्तेहाद, हिकमत, मंसूबाबंदी और मुसलसल अमली जद्दोजहद से मुमकिन है। मदरसों के तहफ़्फ़ुज़ के साथ उनके तालीमी मेयार, असातिज़ा की तरबियत, तलबा के रौशन मुस्तक़बिल और समाज के साथ मुस्बत राब्तों पर भी संजीदगी से तवज्जो देने की ज़रूरत है। अज़ीमाबाद की यह सरज़मीन हमेशा से इल्म-ओ-अदब, तहज़ीब-ओ-सक़ाफ़त और मिल्ली व इल्मी सरगर्मियों का मरकज़ रही है। आज इसी सरज़मीन पर बापू सभागार में आयोजित यह कन्वेंशन एक ऐसा पैग़ाम दे गया कि इल्म की शमा को रौशन रखने के लिए सामूहिक बेदारी, इत्तेहाद और ज़िम्मेदाराना किरदार बेहद ज़रूरी है।
यह इज्तिमा हमें याद दिलाता है कि क़ौमों की असल ताक़त उनकी इमारतों की बुलंदी में नहीं, बल्कि उनके इल्म, किरदार, इत्तेहाद और फ़िक्री पुख़्तगी में छिपी होती है। मदरसे महफ़ूज़ रहेंगे तो इल्म और तरबियत का यह सिलसिला आगे बढ़ेगा, तलबा को बेहतर मौक़े मिलेंगे और समाज में अख़लाक़ व इंसानियत की रौशनी और ज़्यादा फैलेगी। बेशक 11 नवंबर 2026 का यह दिन अज़ीमाबाद की सरज़मीन पर इल्म और इत्तेहाद की एक ख़ूबसूरत तस्वीर बनकर याद रखा जाएगा। बापू सभागार में जमा यह जनसैलाब महज़ लोगों का हुजूम नहीं था, बल्कि अपनी इल्मी विरासत से मोहब्बत, अपनी तहज़ीबी पहचान से वाबस्तगी और आने वाली नस्लों के मुस्तक़बिल के प्रति सामूहिक एहसास-ए-ज़िम्मेदारी का एक शानदार इज़हार था। क्योंकि क़ौमों का मुस्तक़बिल सिर्फ़ माज़ी के कारनामों से रौशन नहीं होता, बल्कि उस वक़्त रौशन होता है जब वे अपने इल्म, अपनी तहज़ीब और अपनी नस्लों की हिफ़ाज़त के लिए मुत्तहिद होकर खड़ी होती हैं।





0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.