- छठ महापर्व पर लोक कलाकारों का सम्मान करना हम सभी का नैतिक दायित्व : मृत्युंजय कुमार झा
- बिहार की सुप्रसिद्ध लोक गायिका प्रिया मल्लिक का मिथिला के पाग, मखाना माला एवं मिथिला पेंटिंग की चादर से किया सम्मान
- 11 दिसंबर को ज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड की होगी महत्वपूर्ण सहभागिता
पटना। लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्योपासना के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार झा ने बिहार की सुप्रसिद्ध लोक गायिका एवं कलाकार सुश्री प्रिया मल्लिक का अपने आवास पर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया।
इस अवसर पर मृत्युंजय कुमार झा ने प्रिया मल्लिक को मिथिला की गौरवशाली सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक मिथिला के पारंपरिक पाग, मिथिला के प्रसिद्ध मखाना से निर्मित माला तथा मिथिला पेंटिंग की आकर्षक चादर भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान छठ महापर्व की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान हुआ। प्रिया मल्लिक ने छठी मैया एवं भगवान सूर्यदेव की महिमा में मधुर छठ गीतों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। साथ ही उन्होंने आगामी 11 दिसंबर को पटना के ज्ञान भवन में आयोजित होने वाले अपने विशेष कार्यक्रम के लिए आमंत्रित भी किया।
इस अवसर पर बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार झा ने कहा कि लोक आस्था का महापर्व छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि बिहार की सांस्कृतिक अस्मिता, लोक परंपरा, सामाजिक समरसता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अद्भुत प्रतीक है। इस पर्व को देश-दुनिया में विशिष्ट पहचान दिलाने में बिहार के लोक कलाकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा पद्म विभूषण से सम्मानित स्वर्गीय शारदा सिन्हा जी ने अपनी अनुपम गायकी और छठ गीतों के माध्यम से बिहार की लोक संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। उनके साथ-साथ बिहार और मिथिलांचल के अनेक कलाकारों ने अपनी साधना, प्रतिभा और समर्पण से छठ महापर्व की महिमा को देश और दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचाया है। इन कलाकारों का योगदान बिहार की सांस्कृतिक विरासत का अमूल्य हिस्सा है।
श्री झा ने कहा कि बिहार की सभ्यता, संस्कृति, भाषा, साहित्य, लोक परंपरा और भारतीय ज्ञान परंपरा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय क्षितिज पर प्रतिष्ठित करने का प्रयास हम सभी को मिलकर करना है। इस सांस्कृतिक महायज्ञ में कलाकारों की भूमिका विशिष्ट और अविस्मरणीय है। कलाकार अपनी प्रतिभा, निष्ठा और साधना के माध्यम से हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखते हैं। ऐसे कलाकारों का सम्मान करना केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि हम सभी का नैतिक कर्तव्य और सामाजिक दायित्व है।
उन्होंने प्रिया मल्लिक द्वारा आगामी 11 दिसंबर को पटना के ज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बिहार की सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने का सशक्त माध्यम हैं। इस कार्यक्रम में बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड की भी महत्वपूर्ण सहभागिता रहेगी। उनका प्रयास होगा कि इस मंच के माध्यम से देश की विभिन्न भाषाओं, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विधाओं को सम्मान मिले तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कलाकारों, साहित्यकारों और विद्वानों को उचित प्रतिष्ठा प्रदान की जाए।
उन्होंने कहा कि बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड केवल संस्कृत भाषा के शैक्षणिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि भारतीय ज्ञान परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और भारतीय सभ्यता के व्यापक मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति भी प्रतिबद्ध है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से विभिन्न भाषाओं और सांस्कृतिक परंपराओं के बीच संवाद एवं समन्वय को बढ़ावा दिया जाएगा।
अंत में बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार झा ने छठ महापर्व के अवसर पर बिहार सहित संपूर्ण देश और विदेशों में रहने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं छठ व्रतियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज केवल बिहार ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों में भी छठ महापर्व अत्यंत श्रद्धा, भव्यता और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। यह पर्व भारतीय संस्कृति की व्यापकता, आस्था और सामाजिक एकता का अद्भुत उदाहरण है।
उन्होंने भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया से प्रार्थना करते हुए कहा कि सभी छठ व्रतियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्यता बनी रहे। हमारा राष्ट्र निरंतर सशक्त एवं समृद्ध बने तथा भारतीय संस्कृति और सभ्यता का गौरवशाली ध्वज पूरी दुनिया में लहराता रहे।


0 टिप्पणियाँ
if you have any doubts, please let me know.